scorecardresearch

हैवी आईलैशेज पाने की चाहत में महिला ने कराई ली सर्जरी...हो गई ऐसी हालत कि आंखें खोलकर ही सोना पड़ता है

पूर्वी चीन के जियांगसू प्रांत के सूझोउ शहर की रहने वाली वांग नाम की महिला ने जून 2020 में डबल आईलिड सर्जरी कराई थी. इस सर्जरी के लिए उसने करीब 12 हजार युआन (लगभग 1.4 लाख रुपए) खर्च किए थे.

eyelid surgery eyelid surgery

सुंदर दिखने की चाह में लोग कॉस्मेटिक सर्जरी का सहारा लेते हैं, लेकिन कई बार छोटी-सी लापरवाही इतनी भारी पड़ जाती है कि जिंदगी भर का सुख चैन खो जाता है. चीन की एक महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. डबल आईलिड (पलक की कॉस्मेटिक सर्जरी) कराने के 6 साल बाद भी वह अपनी आंखें पूरी तरह बंद नहीं कर पाती. हालत ऐसी है कि सोते समय भी उसकी आंखें खुली रहती हैं और लगातार आंसू बहते रहते हैं.

क्या है पूरा मामला?
पूर्वी चीन के जियांगसू प्रांत के सूझोउ शहर की रहने वाली वांग नाम की महिला ने जून 2020 में डबल आईलिड सर्जरी कराई थी. इस सर्जरी के लिए उसने करीब 12 हजार युआन (लगभग 1.4 लाख रुपए) खर्च किए थे. सर्जरी एक कॉस्मेटिक क्लिनिक में हुई, जहां मेंग नाम की महिला ने ऑपरेशन किया. लेकिन ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही वांग को आंखों में तेज दर्द, सूजन और गंभीर परेशानी होने लगी. स्थिति बिगड़ने पर उसे तुरंत बड़े अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

डॉक्टरों ने क्या पाया?
वांग का आरोप है कि जब उसने बड़े अस्पतालों में जांच कराई तो डॉक्टरों ने बताया कि सर्जरी के दौरान उसकी लैक्रिमल ग्लैंड (आंसू बनाने वाली ग्रंथि) को नुकसान पहुंचा दिया गया था. साथ ही पलकों पर गलत तरीके से ऑपरेशन किया गया. इसके बाद सुधार के लिए दोबारा सर्जरी कराई गई, लेकिन तब भी उसकी पलकों की समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हुई. आज भी वह अपनी आंखें पूरी तरह बंद नहीं कर पाती.

अवैध तरीके से चल रहा था क्लिनिक
जांच में सामने आया कि सर्जरी करने वाली मेंग के पास डॉक्टर बनने की वैध योग्यता नहीं थी. इतना ही नहीं, जिस क्लिनिक में ऑपरेशन किया गया, उसके पास भी जरूरी लाइसेंस नहीं था.जांच के बाद कुछ महीनों में क्लिनिक बंद कर दिया गया. वांग का कहना है कि इस घटना के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. वह लोगों से मिलने-जुलने से कतराने लगी. उसे डिप्रेशन और अनिद्रा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा.

मुआवजा मिला, लेकिन कानूनी लड़ाई जारी
वांग ने कोर्ट का रुख किया. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और उसे 8.5 लाख युआन (करीब 1 करोड़ रुपए) का मुआवजा मिला. बदले में उसे सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और मामले को आगे न बढ़ाने का वादा करना पड़ा. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ और मामला दोबारा अदालत पहुंच गया. अदालत ने समझौते की शर्तों के आधार पर वांग को मुआवजे की राशि का एक हिस्सा लौटाने का आदेश दिया.

ये भी पढ़ें