Bareilly Wedding Drama
Bareilly Wedding Drama
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद और मारपीट में बदल गया, जब निकाह से ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. मामला बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है. युवती का निकाह पास के गांव के युवक से तय था और शनिवार को नरियावल स्थित बारातघर में शादी की तैयारियां चल रही थीं.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात युवती घर से जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई. शनिवार सुबह परिवार को इसकी जानकारी मिली. तब तक बारात आने की तैयारी पूरी हो चुकी थी और दोनों परिवारों के सामने सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती खड़ी हो गई.
छोटी बहन से निकाह कराने पर बनी सहमति
दुल्हन के फरार होने की खबर से दोनों पक्षों में तनाव फैल गया. रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में घंटों पंचायत चली. इस दौरान दुल्हन पक्ष ने प्रस्ताव रखा कि बड़ी बेटी की जगह उसकी छोटी बहन का निकाह दूल्हे से करा दिया जाए, ताकि रिश्ता और परिवार की इज्जत दोनों बची रह सकें.
काफी बातचीत और समझाइश के बाद दोनों परिवार इस प्रस्ताव पर राजी हो गए. निकाह की तैयारियां दोबारा शुरू कर दी गईं और माहौल सामान्य होता दिखाई देने लगा.
निकाह से पहले खुला दूसरा प्रेम प्रसंग
कहानी में मोड़ तब आया जब छोटी बहन से निकाह की रस्म शुरू होने वाली थी. इसी दौरान दूल्हा पक्ष को जानकारी मिली कि छोटी बहन का भी किसी युवक के साथ प्रेम संबंध है और वह भी यह शादी नहीं करना चाहती. इसी बीच एक युवक सामने आया और उसने दावा किया कि वह छोटी बहन से प्यार करता है. यह बात सामने आते ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
बारातघर में चले लाठी-डंडे, कई लोग घायल
विवाद इतना बढ़ गया कि बारातघर में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. इस झड़प में दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर समेत कई लोग घायल हो गए. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह रणभूमि में तब्दील हो गया. सूचना मिलने पर बिथरी चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बिना दुल्हन लौट गई बारात
हंगामे के बाद शादी पूरी तरह रद्द हो गई. दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की ओर से औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रही है. इस अनोखी घटना की पूरे इलाके में चर्चा बनी हुई है.
-कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें