scorecardresearch

Crispy Pakora Secret: इस तरीके से बनाएंगे पकौड़ा, तो बनेगा एकदम कुरकुरा.. होली के मौके को बनाएगा खास

होली के मौके पर लोग कई प्रकार के पकवान बनाते हैं और उनमें से पकौड़े बहुत खास हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपके बनाए पकौड़े हलवाई की तरह एकदम कुरकुरे हो तो इन हैक्स को अपनाएं.

Crispy Pakora Secrets Crispy Pakora Secrets

होली का त्योहार रंगों और मिठाइयों के साथ-साथ गरमागरम पकौड़ों के बिना अधूरा सा लगता है. घर में मेहमान आए हों या परिवार के साथ बैठकर त्योहार का आनंद लेना हो, प्लेट में रखे कुरकुरे पकौड़े माहौल को और भी खुशनुमा बना देते हैं. 

होली पर आलू, प्याज, मिर्च, बैंगन, गोभी, पालक जैसी कई सब्जियों के पकौड़े बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपके पकौड़े एकदम हलवाई स्टाइल और कुरकुरे बनें, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

तैयार करें खास बैटर
सबसे पहले पकोड़ों का बैटर सही तरीके से तैयार करें. केवल बेसन का घोल बनाने के बजाय उसमें थोड़ा चावल का आटा मिलाएं. इससे पकौड़े ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं. बैटर तैयार होने के बाद उसे करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे चावल का आटा नमी सोखकर फूल जाता है और पकौड़े तलने पर ज्यादा कुरकुरे बनते हैं. तलने से पहले बैटर को एक बार फिर फेंट लेना बेहतर रहता है.

सब्जियां काटें पतली-पतली
पकौड़ों की कुरकुराहट काफी हद तक इस बात पर भी निर्भर करती है कि सब्जियां कैसे काटी गई हैं. आलू, प्याज या कोई भी सब्जी हमेशा पतली स्लाइस में काटें. मोटे टुकड़े ठीक से पकते नहीं और बाहर से क्रिस्पी भी नहीं बनते. 

मसाले बनाते हैं माहौल
बैटर को स्वादिष्ट बनाने के लिए उसमें कुछ मसाले जरूर मिलाएं. जीरा, अजवाइन, नमक, चिली फ्लेक्स और एक चुटकी बेकिंग सोडा पकौड़ों का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर करते हैं. बेकिंग सोडा पकौड़ों को हल्का और अंदर से मुलायम बनाता है, जबकि बाहर से वे कुरकुरे रहते हैं.

तेल का तापमान सेट करता क्रिस्पिनेस
तलते समय तेल का तापमान भी बेहद जरूरी है. तेल न ज्यादा गरम होना चाहिए और न ही ठंडा. बहुत गरम तेल में पकौड़े ऊपर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह सकते हैं, जबकि ठंडे तेल में डालने से वे ज्यादा तेल सोख लेते हैं. चाहें तो तेल में एक चुटकी नमक भी डाल सकती हैं, इससे पकौड़े कम तेल सोखते हैं.