Chopstick
Chopstick
चीन में एक व्यक्ति के गले में 12 सेंटीमीटर लंबी चॉपस्टिक 8 साल तक फंसी रही. हैरानी की बात तो ये रही कि इससे होने वाले दर्द को वो शराब का असर समझता रहा. हाल ही में डॉक्टरों ने सर्जरी के जरिए इसे बाहर निकाला गया.
शराब पीते वक्त गलती से निगल ली थी चॉपस्टिक
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लियाओनिंग प्रांत के डालियान शहर के रहने वाले वांग नाम के व्यक्ति ने करीब 8 साल पहले शराब पीते समय गलती से चॉपस्टिक निगल ली थी. उस समय उसे दर्द तो हुआ, लेकिन सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं आई. जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्दन काटकर ऑपरेशन करने की सलाह दी, लेकिन वांग ने इस विकल्प को ठुकरा दिया.
दर्द को सामान्य मानकर करता रहा नजरअंदाज
वांग ने बताया कि अगले कई वर्षों तक उसे बीच-बीच में गले में असहजता महसूस होती रही, लेकिन उसने इसे शराब के कारण होने वाली सामान्य प्रतिक्रिया समझकर नजरअंदाज किया. वह दर्द को सहता रहा और इलाज नहीं करवाया.
जब बढ़ा दर्द, तब पहुंचा अस्पताल
कुछ हफ्ते पहले उसकी परेशानी अचानक बढ़ गई. हर सुबह उठते समय उसे तेज दर्द होने लगा, खासकर कुछ निगलते वक्त. आराम करने पर दर्द थोड़ा कम हो जाता था. इसके बाद उसने Dalian Municipal Central Hospital में जांच कराई. डॉक्टर ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि चॉपस्टिक हाल ही में फंसी होगी, लेकिन जब मरीज ने बताया कि यह 8 साल पुरानी घटना है, तो वे भी हैरान रह गए.
मिनिमली इनवेसिव सर्जरी से निकाली गई चॉपस्टिक
जांच में पता चला कि चॉपस्टिक गले के सॉफ्ट पैलेट में फंसी हुई थी. अच्छी बात यह रही कि आसपास के अंगों को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा था और वोकल कॉर्ड्स भी सामान्य रूप से काम कर रहे थे. डॉक्टरों ने मुंह के रास्ते मिनिमली इनवेसिव सर्जरी करने का फैसला लिया. सफल ऑपरेशन के दौरान मामूली ब्लीडिंग हुई और 12 सेमी लंबी चॉपस्टिक को बाहर निकाल लिया गया. कुछ ही दिनों में वांग पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया.
सोशल मीडिया पर लोग बोले- 'पढ़कर ही दर्द हो रहा'
इस अजीबोगरीब घटना ने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है. एक यूजर ने लिखा, 'इतनी लंबी चॉपस्टिक! उसने इसे 8 साल तक कैसे सहा?' वहीं दूसरे ने कहा, 'यह खबर पढ़कर ही दर्द महसूस हो रहा है.'
ये भी पढ़ें