China boss gifts BMW to employees
China boss gifts BMW to employees
चीन के बीफ हॉटपॉट चेन की मालकिन ने अपने कर्मचारियों को ऐसा सरप्राइज दिया, जो उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था. कंपनी की मालिक मा यानली ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को नई-नई BMW कारें गिफ्ट कर दीं. खास बात यह रही कि कर्मचारियों से इसके बदले कोई पैसा नहीं लिया गया और न ही कोई बॉन्ड या समझौता साइन कराया गया.
कर्मचारी समझा था कोई छोटा-मोटा गिफ्ट मिलेगा
24 सितंबर को मा यानली अपने कुछ कर्मचारियों को BMW शोरूम लेकर पहुंचीं. कर्मचारी ली जी को भी लगा कि शायद बॉस कोई बड़ा गिफ्ट देने वाली हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि गिफ्ट इतना बड़ा होगा.
ली ने बताया कि रास्ते में बॉस ने सिर्फ इतना कहा कि वह उन्हें एक 'बड़ा खिलौना' देने वाली हैं. शोरूम पहुंचने के बाद जब उनके सामने नई BMW खड़ी थी, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. सफेद रंग की BMW उसी दिन ली के नाम रजिस्टर कर दी गई और इसके लिए उन्हें एक भी पैसा नहीं देना पड़ा.
बॉस ने BMW क्यों किया गिफ्ट
मा यानली के मुताबिक, इस पूरे किस्से की शुरुआत पिछले साल सर्दियों में हुई. उनके ज्यादातर कर्मचारी इलेक्ट्रिक स्कूटर से काम पर आते थे. एक सुबह उन्होंने अपनी कर्मचारी ली को बेहद ठंड में स्कूटर से रेस्टोरेंट पहुंचते देखा. ठंड के कारण ली का चेहरा लाल हो गया था, कान तक बैंगनी पड़ गए थे और हाथ ठंडी हवा से अकड़ गए थे. यह देखकर मा को अपने कर्मचारी पर तरस आ गया. उन्होंने सोचा कि जब वह खुद कार में बैठकर गर्मी और आराम के साथ सफर कर सकती हैं, तो उनके कर्मचारी ऐसा क्यों नहीं कर सकते?
कंपनी की सफलता में कर्मचारियों का भी हिस्सा
मा ने कहा कि उन्होंने अपने कारोबार में सफलता हासिल की है, लेकिन कंपनी की तरक्की अकेले उनकी मेहनत से नहीं हुई. इसमें उनके कर्मचारियों का भी बड़ा योगदान है. इसलिए उन्हें लगता है कि कंपनी की सफलता का फायदा कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए.
ली पिछले आठ साल से उनके रेस्टोरेंट में काम कर रही हैं. उनके अलावा एक अन्य कर्मचारी लियू यिंगयिंग को भी ग्रे रंग की BMW दी गई. लियू के मुताबिक, बॉस ने उनसे कहा कि वह मेहनत करती हैं और उनका प्रदर्शन शानदार है, इसलिए वह इस कार की हकदार हैं.
BMW से पहले भी देती रही हैं महंगे 'सरप्राइज'
यह पहली बार नहीं है जब मा ने कर्मचारियों पर प्यार लुटाया हो. चीन के पारंपरिक त्योहारों पर वह कर्मचारियों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान और नकद बोनस भी देती हैं. चीन में ऐसे बॉस पहले भी चर्चा में रहे हैं. हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के चेयरमैन कुई पेइजुन को तो कर्मचारियों में पैसे बांटने के लिए खास पहचान मिली है. पिछले स्प्रिंग फेस्टिवल से पहले उन्होंने कर्मचारियों को कुल 18 करोड़ युआन का बोनस दिया था.
ये भी पढ़ें