Monthly Expense
Monthly Expense
आज के समय में बड़े शहरों में नौकरी करने वाले युवाओं के लिए सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर हर महीने खर्च कितना आता है और वहां की लाइफस्टाइल कैसी होती है. इसी बीच नोएडा में रहने वाले माइक्रोसॉफ्ट के एक कपल ने अपनी मासिक कमाई, खर्च और लाइफस्टाइल को लेकर खुलकर बात की है.
छवि महेश्वरी और उनके पति रिपेश यादव दोनों माइक्रोसॉफ्ट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. छवि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली हैं, जबकि रिपेश उत्तराखंड के काशीपुर से हैं. दोनों ने एनआईटी उत्तराखंड से बीटेक किया और साल 2018 में करियर की शुरुआत से की. बाद में दोनों गोल्डमैन सच गए और फिर 2022 में माइक्रोसॉफ्ट जॉइन कर लिया.
आखिर क्यों चुना नोएडा?
कपल का कहना है कि उन्होंने नोएडा सिर्फ नौकरी की वजह से नहीं चुना. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह परिवार के करीब रहना है. छवि ने बताया कि मुजफ्फरनगर नोएडा से करीब ढाई घंटे की दूरी पर है, जबकि काशीपुर करीब चार घंटे में पहुंचा जा सकता है. ऐसे में परिवार से जुड़े रहना आसान हो जाता है और शहर घर जैसा महसूस होता है.
2BHK फ्लैट का किराया ही 35 हजार रुपए
यह कपल नोएडा के सेक्टर 75 में 2BHK सेमी फर्निश्ड फ्लैट में रहता है. उनके घर का मासिक किराया करीब 35 हजार रुपए है. इसके अलावा मेंटेनेंस, बिजली, इंटरनेट और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर हर महीने लगभग 20 हजार रुपए खर्च हो जाते हैं.
खाने-पीने और घूमने में भी बड़ा खर्च
छवि ने बताया कि घर का राशन और दूसरे घरेलू खर्च मिलाकर हर महीने करीब 20 हजार रुपए खर्च होते हैं. वहीं बाहर खाना, फूड डिलीवरी, कैफे और वीकेंड आउटिंग पर भी लगभग 20 हजार रुपए तक खर्च हो जाते हैं. बड़े शहरों में रहने वाले युवा कपल्स के लिए यह खर्च अब आम बात बनता जा रहा है.
ट्रांसपोर्ट और लाइफस्टाइल का खर्च
ऑफिस आने-जाने के लिए दोनों ज्यादातर माइक्रोसॉफ्ट की ट्रांसपोर्ट सुविधा का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि घूमने या छुट्टियों के दौरान अपनी कार का उपयोग करते हैं. ट्रांसपोर्ट पर उनका खर्च करीब 8 से 12 हजार रुपए तक आता है. वहीं शॉपिंग, सब्सक्रिप्शन, एंटरटेनमेंट और पर्सनल केयर जैसी चीजों पर हर महीने 10 से 15 हजार रुपए तक खर्च हो जाते हैं.
हर महीने कुल खर्च पहुंच जाता है 1.6 लाख रुपए
कपल ने बताया कि किराया, राशन, ट्रांसपोर्ट, घूमना-फिरना, लाइफस्टाइल और EMI समेत उनका कुल मासिक खर्च करीब 1.6 लाख रुपये तक पहुंच जाता है. खर्च संभालने के लिए दोनों हर महीने 80-80 हजार रुपये एक जॉइंट अकाउंट में डालते हैं और उसी से सारे खर्च पूरे किए जाते हैं.