scorecardresearch

Curry Leaf Plant Care: कड़ी पत्ते का पौधा सूखेगा नहीं, हो जाएगा हरा-भरा और घना... लेकिन कैसे... यहां जानिए 

Curry Patta ko Ghana Kaise kare: यदि आपने घर में कड़ी पत्ते का पौधा लगा रखा है और पौधा बढ़ नहीं रहा है, पत्तियां सूख रही हैं तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान गार्डनिंग टिप्स को अपनाकर आप कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं. यहां आप जान सकते हैं कड़ी पत्ते के पौधे की देखभाल के कुछ आसान उपाय. 

Advertisement
Curry Leaf Plant Care Tips Curry Leaf Plant Care Tips

कढ़ी, दाल, सब्जी से लेकर सांभर तक, कई चीजों में कड़ी पत्ते का इस्तेमाल किया जाता है. कड़ी पत्ते को डालने के बाद व्यंजन का स्वाद बढ़ सकता है. ऐसे में कई लोग अपने घर में या घर के पास कड़ी पत्ते का पौधा लगाते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत ताजी कड़ी की पत्तियां मिल सकें. हालांकि कई लोगों की शिकायत रहती है कि कड़ी पत्ते का पौधा बढ़ नहीं रहा है और पत्तियां सूख रही हैं. यदि आप भी कड़ी पत्ते के पौधा को सूखने को लेकर परेशान हैं तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान गार्डनिंग टिप्स को अपनाकर आप कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं. यहां आप जान सकते हैं कड़ी पत्ते के पौधे की देखभाल के कुछ आसान उपाय. 

कड़ी पत्ते के पौधे के लिए सही धूप जरूरी 
यदि आप चाहते हैं कि कड़ी पत्ते का पौधा हमेशा हरा-भरा रहे और इसकी पत्तियां सूखे नहीं तो आपको धूप का ख्याल रखना होगा. आपको मालूम हो कि कड़ी पत्ते के पौधे के लिए 15 से 35 डिग्री तक तापमान अच्छा माना जाता है. आप कड़ी पत्ते का पौधा का उसी जगह पर लगाएं जहां न तो बहुत ज्यादा ठंड पड़ती हो और न ही जहां अधिक तेज धूप पड़ती हो. इस पौधे को ऐसे जगह लगाएं जहां सुबह और शाम कम से कम दो से तीन घंटे धूप मिले. इस पौधे को दोपहर की तेज धूप से बचाना चाहिए.   

जड़ में पानी न होने दें जमा 
कड़ी पत्ते के पौधे की मिट्टी में नमी चाहिए लेकिन आप इतना भी पानी न डाल दें कि इस पौधे की जड़ों में पानी जम जाए. आप यदि बारिश के मौसम इस पौधे को पानी दे रहे हैं तो ध्यान रखें कि पानी गमले में जमा न रहे. यदि ऐसा होगा तो  कड़ी पत्ते के पौधे की जड़ें खराब हो जाएंगी. 

ऐसे करें कटिंग 
कड़ी पत्ते के पौधे को एकदम घना बनाने के लिए समय-समय पर कटिंग यानी ट्रिमिंग करना जरूरी है. कड़ी पत्ते के पौधे की कटाई करने से वह घना होता है. पौधे को सबसे नीचे वाले हिस्से से काट दें. इसके बाद जब इसमें अलग-अलग शाखाएं आएंगी तो फिर इन शाखाओं को भी थोड़ा बढ़ने के बाद आधा कट कर दें. ऐसा करने से ज्यादा ब्रांच निकलेंगी और पौधा एकदम घना हो जाएगा.

खाद कब और कैसे दें
अच्छी ग्रोथ के लिए कड़ी पत्ते के पौधे को खाद देना भी जरूरी होता है. इस पौधे में दो महीने के अंतर पर खाद देना चाहिए. आप NPK फर्टिलाइजर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे नई पत्तियां तेजी से निकलेंगी. आप कड़ी पत्ते के पौधे में सरसों की खली और  छाछ डाल सकते हैं. 

कीड़े-मकोड़े से बचाएं
कई बार कड़ी पत्ते के पौधे कीड़ा लगने से इसका विकास नहीं होता है. यदि पौधे की पत्तियां सूख रही हैं तो तुरंत देखें कि कहीं पौधे में कीड़े-मकोड़े तो नहीं लगे हैं. आप कीड़ों को मारने के लिए केमिकल का इस्तेमाल न करें. आप नीम के तेल को पानी में मिलाकर पत्तियों पर छिड़काव कर सकते हैं. इससे कड़ी पत्ते के पौधे पर मौजूद कीड़े खत्म हो जाएंगे.

कैसे तोड़ें कड़ी पत्ता
कई लोग जब कड़ी पत्ता चाहिए होता है तो सिर्फ पौधे से कड़ी पत्तियां खींचकर तोड़ देते हैं और खाली डंठल को पौधे में ही लगा छोड़ देते हैं. ऐसा नहीं करना चाहिए. इससे पौधे का विकास ठीक से नहीं होता है. ऐसे में हमेशा डंठल के साथ ही कड़ी पत्तियां तोड़ें. आप इस्तेमाल करते समय डंठल को अलग कर सकते हैं.