Puri Sabzi
Puri Sabzi
भोपाल में घरेलू हिंसा का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने खाने में पूड़ी-सब्जी बनाई थी. बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में घर पहुंचा था और अपनी पसंद का खाना न मिलने पर लड़ाई करने लगा. गुस्से में उसने पत्नी के सिर पर कुर्सी मार दी, जिससे वह घायल हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय अनीता लोधी अपने पति संतोष और बेटे के साथ सेमरा कला इलाके में रहती हैं. दोपहर के समय संतोष शराब पीकर घर पहुंचा और खाना मांगा. पत्नी ने बताया कि घर में पूड़ी और सब्जी बनी है. यह सुनते ही संतोष भड़क गया. उसने खाने को लेकर बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला झगड़े में बदल गया.
विरोध करने पर पत्नी पर किया हमला
महिला का आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. जब उसने विरोध किया तो संतोष ने पास में रखी कुर्सी उठाकर उसके सिर पर दे मारी. कुर्सी लगने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. घटना के बाद आरोपी पति मौके से भाग निकला. आसपास के लोगों ने महिला की मदद की और उसे संभाला. बाद में महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें सिर पर चोट की पुष्टि हुई है. आरोपी के खिलाफ मारपीट और घरेलू हिंसा से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी अक्सर शराब पीकर घर आता था और छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
-रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: