Hamirpur poultry farm fire
Hamirpur poultry farm fire
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कुरारा थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव में शॉर्ट सर्किट के चलते दो पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दोनों फार्म धू-धूकर जल उठे. इस हादसे में करीब 4 हजार मुर्गे-मुर्गियां जलकर मर गईं.
फार्म में तैयार थे 4 हजार मुर्गे
जानकारी के मुताबिक, खालेपुरा मोहल्ला निवासी आमिर कुरैशी के परिवार के कुसमरा गांव के बाहर खेतों में तीन पोल्ट्री फार्म हैं. इनमें से दो फार्म में करीब 2-2 हजार मुर्गे तैयार थे, जिन्हें जल्द ही ऑर्डर के तहत सप्लाई किया जाना था. इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों पोल्ट्री फार्म पूरी तरह जलकर राख हो गए.
10 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही आमिर कुरैशी और उनके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी थी. इस हादसे में उन्हें करीब 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है. आग की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पोल्ट्री फार्म पूरी तरह जल चुके थे. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
जले हुए मुर्गे लेकर भागे ग्रामीण
इस घटना के बाद एक हैरान करने वाला नजारा भी देखने को मिला. जब बड़ी संख्या में मुर्गे-मुर्गियों के जलकर मरने की खबर फैली, तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जले हुए मुर्गों को उठाकर ले जाने लगे. फार्म मालिक आमिर कुरैशी ने बताया कि वैसे भी जले हुए मुर्गों को फेंकना ही पड़ता, ऐसे में अगर ग्रामीण उन्हें ले गए तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है.
-नाहिद अंसारी की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: