scorecardresearch

'शादी के लिए हां करो, वरना कूद जाऊंगा', प्रेमिका को मनाने 100 मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, जब मानी तभी उतरा नीचे

गया के डुमरिया प्रखंड के बोधिबीघा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय प्रेमी मेराज अहमद ने अपनी प्रेमिका और प्रेमिका के परिवार वालो को अपनी शादी के लिए राजी करने के लिए गांव में लगा मोबाइल टावर पर चढ़ गया.

Advertisement
Gaya Young Lover Climbs Mobile Gaya Young Lover Climbs Mobile

गया के डुमरिया प्रखंड के बोधिबीघा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक मामला उस समय चर्चा में आ गया, जब 24 वर्षीय युवक मेराज अहमद अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को शादी के लिए राजी करने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक को टावर पर चढ़ते देख गांव के लोग हैरान रह गए. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.

मेराज टावर के शिखर तक पहुंच गया. नीचे खड़े लोगों से उसने कहा कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है, लेकिन प्रेमिका और उसके परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं हैं. युवक ने कहा कि जब तक प्रेमिका और उसके घरवाले शादी के लिए राजी नहीं होंगे, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा. उसने यह भी कहा कि अगर शाम तक शादी के लिए सहमति नहीं मिली तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा.

परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे
मेराज के टावर पर चढ़ने की खबर तेजी से गांव में फैल गई. इसके बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे. ग्रामीण भी लगातार युवक को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. जब काफी समझाने के बाद भी मेराज नीचे नहीं उतरा तो ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. इसके साथ ही उसकी प्रेमिका के परिवार वालों को भी मामले की जानकारी दी गई. कुछ ही देर में पुलिस और दोनों पक्षों के परिजन मोबाइल टावर के पास पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने भी युवक को समझाकर नीचे उतरने की कोशिश की, लेकिन मेराज ने साफ कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसके परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं होते, वह नीचे नहीं आएगा.

दो-तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया गया कि मेराज अहमद का गांव की ही एक युवती से पिछले दो-तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों परिवारों की सहमति नहीं मिल पा रही थी. परिजनों की मंजूरी नहीं मिलने के कारण दोनों के रिश्ते में दूरी बढ़ने लगी थी. बताया जा रहा है कि प्रेमिका के दूर होने से मेराज काफी परेशान था. इसी के बाद उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी के लिए दबाव बनाने का फैसला किया.

प्रेमिका के राजी होने पर टावर से उतरा
मोबाइल टावर पर मेराज के चढ़ने के बाद करीब दो घंटे तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही. पुलिस और परिजन उसे लगातार नीचे उतरने के लिए समझाते रहे. इस दौरान प्रेमिका के परिवार वालों से भी बातचीत की गई. आखिरकार जब प्रेमिका ने मेराज से शादी के लिए सहमति जताई, तब जाकर युवक टावर से नीचे उतरा. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

लोगों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से युवक का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और दोनों पक्षों के परिजन लोगों से वीडियो नहीं बनाने की अपील कर रहे थे.

ये भी पढ़ें: