gond katira summer drinks
gond katira summer drinks
गर्मी का मौसम आते ही लोग खुद को फिट और हेल्दी रखने के लिए तरह-तरह के समर ड्रिंक्स का सेवन करना शुरू कर देते हैं. तेज धूप और लू से बचने के लिए शरीर को अंदर से ठंडा रखना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में गोंद कतीरा एक बेहतरीन नेचुरल कूलेंट माना जाता है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ ही एनर्जी बनाए रखने में भी मदद करता है. खास बात यह है कि इसका अपना कोई खास स्वाद नहीं होता, इसलिए इसे आसानी से कई तरह के ड्रिंक्स में मिलाया जा सकता है. अगर आप भी इस समर सीजन में कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट पीना चाहते हैं, तो गोंद कतीरा से बनने वाले ये पांच खास ड्रिंक्स आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकते हैं.
ऐसे करें गोंद कतीरा तैयार
गोंद कतीरा का इस्तेमाल करने से पहले इसे सही तरीके से तैयार करना जरूरी है. अगर आप दिन में ड्रिंक बनाना चाहते हैं, तो गोंद कतीरा को 6 से 8 घंटे पहले पानी में भिगो दें. चाहें तो इसे रातभर भी भिगोकर रखा जा सकता है. भीगने के बाद यह जेली जैसा फूल जाता है और इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है. इसके बाद आप इसे किसी भी ड्रिंक में आसानी से मिला सकते हैं.
नींबू पानी में मिलाएं गोंद कतीरा
गर्मियों में नींबू पानी सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला ड्रिंक है. अगर इसमें गोंद कतीरा मिला दिया जाए, तो यह और भी ज्यादा फायदेमंद बन जाता है. इसे बनाने के लिए एक गिलास पानी में नींबू का रस डालें. फिर स्वादानुसार चीनी या शहद और थोड़ा काला नमक मिलाएं. अब इसमें दो चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा डाल दें. यह ड्रिंक शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ दिनभर की थकान दूर करने में मदद करता है.
गुलाब शरबत से मिलेगा रिफ्रेशमेंट
गुलाब का शरबत गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के लिए काफी पसंद किया जाता है. इसमें गोंद कतीरा मिलाने से इसका असर और बढ़ जाता है. इसे बनाने के लिए एक गिलास ठंडे दूध या पानी में दो चम्मच गुलाब शरबत डालें. फिर एक बड़ा चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा मिलाएं. इसे अच्छी तरह मिक्स करें और बर्फ डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें. यह ड्रिंक पेट को ठंडक पहुंचाने में काफी मददगार माना जाता है.
नारियल पानी के साथ बनाएं हेल्दी ड्रिंक
नारियल पानी खुद में ही एक बेहतरीन हाइड्रेटिंग ड्रिंक है. अगर इसमें गोंद कतीरा मिला दिया जाए, तो यह शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है. इसके लिए ताजे नारियल पानी में थोड़ा सा गोंद कतीरा मिलाएं और सीधे पी लें. इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं होती. यह ड्रिंक पसीने की वजह से होने वाली कमजोरी दूर करने में भी मददगार होता है.
लस्सी को बनाएं और ज्यादा स्वादिष्ट
गर्मी के मौसम में ठंडी लस्सी पीना लगभग हर किसी को पसंद होता है. अगर आप अपनी लस्सी में गोंद कतीरा मिलाते हैं, तो इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. एक गिलास ठंडी दही की लस्सी में एक या दो चम्मच गोंद कतीरा मिलाएं. इससे लस्सी गाढ़ी और ज्यादा क्रीमी बन जाती है. इसे आप आइसक्रीम जैसी ठंडी ड्रिंक की तरह भी सर्व कर सकते हैं.
तरबूज और गोंद कतीरा का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
तरबूज गर्मियों का सबसे लोकप्रिय फल माना जाता है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है. तरबूज और गोंद कतीरा का कॉम्बिनेशन गर्मियों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसे बनाने के लिए तरबूज के टुकड़ों को ब्लेंड करके जूस तैयार करें और उसमें कुछ चम्मच गोंद कतीरा मिला दें. यह ड्रिंक शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के साथ ताजगी भी देता है.
ये भी पढ़ें: