Ghar Par Amla Kaise Ugaye
Ghar Par Amla Kaise Ugaye
सनातन धर्म में आंवले के वृक्ष का विशेष महत्व होता है. आंवले के पेड़ को साक्षात भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है. आंवला नवमी के दिन आंवले की पूजा की जाती है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि आंवला के पूजन से अक्षय सौभाग्य की प्राप्ति होती है. वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर में आंवला लगाना बेहद शुभ होता है. आंवले का पेड़ घर में होने से सुख-समृद्धि आती है.
आंवला विटामिन सी, आयरन और फाइबर जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है. आंवला को खाने से शरीर को ढेर सारे लाभ मिलते हैं. आंवला स्किन और बालों के लिए बहुत अच्छा होता है. आंवला खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है. आप इसे घर की बालकनी, छत और गार्डन में लगा सकते हैं. यहां आप जान सकते हैं आंवला को लगाने का सबसे आसान तरीका.
ऐसे लगाएं आंवले का पौधा
आंवले का पौधा लगाने के लिए सबसे अच्छा समय जुलाई से सितंबर के बीच माना जाता है. घर में आंवला का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले गमला और मिट्टी की जरूरत पड़ती है. आंवले के पौधे के लिए दोमट मिट्टी अच्छी मानी जाती है. यदि दोमट मिट्टी न मिले तो हल्की रेतीली मिट्टी में आंवले के पौधे को लगा सकते हैं. आंवले के पौधे को लगाने वाली मिट्टी में 40 प्रतिशत सामान्य मिट्टी, 30 प्रतिशत रेत और 30 प्रतिशत गोबर खाद या कंपोस्ट की जरूरत होगी. आपको मालूम हो कि आंवले के पौधे कि लिए मिट्टी का pH 6.5 से 8.0 होना अच्छा माना जाता है. गमले में आंवले का पौधा लगाने के लिए गहरा गमला लेना चाहिए. आप 18 से 24 इंच का गहरा गमला ले सकते हैं. गमले को होल के नीचे ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए.
कितनी धूप और कितना पानी जरूरी
आंवले के पौधे को अच्छी धूप चाहिए. आंवले को पौधे को रोजाना कम से कम पांच से छह घंटे की धूप की जरूरत होती है. आप चाहें तो आंवले के पौधे को ऐसी जगह भी रख सकते हैं, जहां सीधी धूप आती हो. आंवले के पौधे को हर दिन पानी देने की जरूरत नहीं होती है. आप बारिश के मौसम में पानी नहीं भी देंगे तो कोई दिक्कत नहीं होगी. गर्मी के मौसम में हर दो से तीन दिनों में पानी देना चाहिए. आपको मालूम हो कि आंवले के पौधे की मिट्टी पूरी तरह सूखने न दें और न ही जड़ों में पानी जमा होने दें.
कब दें खाद
आपको मालूम हो कि आंवले के पौधे के लिए कंपोस्ट बहुत जरूरी होता है. इससे यह पौधा अच्छी तरह से बढ़ता है. आप हर 30 से 40 दिनों में आंवले के पौधे में गोबर की खाद या किचन वेस्ट कंपोस्ट डाल सकते हैं. आपको मालूम हो कि आंवले के पौधे में केमिकल फर्टिलाइजर बहुत कम मात्रा में उपयोग करना चाहिए.
आंवले के पेड़ में कब आते हैं फल
यदि आप नर्सरी वाला आंवले का पौधा लगाते हैं तो इसमें दो से तीन सालों में फल आने शुरू हो जाते हैं. यदि आप बीज आंवले का पौधा उगाते हैं तो इसमें फल आने में थोड़ा अधिक समय लग सकता है.