Healthy Breakfast recipe
Healthy Breakfast recipe
अक्सर घरों में लौकी का नाम सुनते ही बच्चे नाक-भौं सिकोड़ने लगते हैं. अगर आपके घर में भी यही समस्या है, तो लौकी से बना यह खास नाश्ता आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है. खास बात यह है कि यह डिश इतनी स्वादिष्ट होती है कि बच्चों को पता भी नहीं चलता कि इसमें लौकी डाली गई है.
सूजी और दही से तैयार करें बेस
इस हेल्दी नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले एक कप सूजी लें. इसमें आधा कप दही और आधा कप पानी डालकर अच्छे से मिला लें. इस मिश्रण को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी फूलकर नरम हो जाए.
इस दौरान सूजी दही और पानी को अच्छी तरह सोख लेती है और बैटर सॉफ्ट बन जाता है, जो इस रेसिपी का बेस तैयार करता है.
लौकी को ऐसे करें तैयार
जब तक सूजी तैयार हो रही है, एक छोटी लौकी को छीलकर अच्छी तरह धो लें और उसे कद्दूकस कर लें. ध्यान रखें कि लौकी को छीलने के बाद तुरंत इस्तेमाल करें, क्योंकि यह जल्दी काली पड़ने लगती है.
कद्दूकस की गई लौकी इस डिश में पोषण के साथ नमी भी देती है, जिससे नाश्ता ज्यादा सॉफ्ट और हेल्दी बनता है.
बैटर में मिलाएं सब्जियां और मसाले
15 मिनट बाद तैयार सूजी के मिश्रण में कद्दूकस की हुई लौकी डालें. इसके साथ बारीक कटा हुआ प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और ताजा धनिया पत्ता मिलाएं.
स्वादानुसार नमक डालें और थोड़ा पानी मिलाकर बैटर को अच्छी तरह तैयार करें.
ध्यान रखें कि बैटर की कंसिस्टेंसी न ज्यादा पतली हो और न ज्यादा गाढ़ी, बल्कि मीडियम होनी चाहिए.
अगर आप इस नाश्ते को और ज्यादा सॉफ्ट और फूला हुआ बनाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा सा खाने वाला सोडा या Eno मिला सकते हैं.
हालांकि, अगर आप बिना सोडा के बनाना चाहते हैं, तो इसे चीला या पैनकेक की तरह भी तैयार किया जा सकता है.
अब एक पैन में 1-2 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें आधा चम्मच राई और एक चम्मच सफेद तिल डालें. साथ में करी पत्ता डालकर हल्का भून लें.
तैयार बैटर को इस तड़के वाले पैन में डालकर धीमी आंच पर पकाएं. इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें, ताकि यह अंदर से भी पक जाए और बाहर से हल्का क्रिस्पी हो जाए.