Recipe of Strawberry Gulkand
Recipe of Strawberry Gulkand
होली रंगों, खुशियों और अपनों के साथ जश्न मनाने का त्योहार है. इस दिन घर-घर में तरह-तरह के पकवान बनते हैं. गुजिया की मिठास, ठंडी ठंडाई और चटपटे स्नैक्स के साथ माहौल पूरा हो जाता है. जब बात होली पार्टी की हो, तो मेहमानों का स्वागत एक खास और टेस्टी ड्रिंक से किया जाए तो जश्न और भी यादगार बन जाता है. इसी कड़ी में गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स एक बेहतरीन ऑप्शन है, जो स्वाद के साथ-साथ खुशबू और रंग भी लाता है.
इस रेसिपी के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी. बस 20 फ्रोजन स्ट्रॉबेरी, चार बड़े चम्मच गुलकंद, तीन स्कूप वनीला आइसक्रीम, आधा लीटर दूध और कुछ बर्फ के टुकड़े चाहिए. अगर आपको ज्यादा मिठास पसंद है, तो स्वाद के अनुसार शहद या थोड़ी चीनी मिला सकते हैं. गार्निशिंग के लिए फ्रेश गुलाब की पंखुड़ियां और कद्दूकस किए हुए पिस्ते रखें, जो शॉट्स को खास लुक देंगे.
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को फ्रीजर में अच्छी तरह जमा लें. जब वे पूरी तरह फ्रोजन हो जाएं, तब मिक्सर जार में स्ट्रॉबेरी और दूध डालकर स्मूद होने तक ब्लेंड करें. इसके बाद इसमें गुलकंद और वनीला आइसक्रीम डालें और दोबारा अच्छे से ब्लेंड करें, ताकि सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाएं. तैयार मिक्सचर को शॉट्स ग्लास में निकालें और ऊपर से गुलाब की पंखुड़ियां व पिस्ते से सजाकर तुरंत सर्व करें.
परफेक्ट टेक्सचर और स्वाद के लिए टिप्स
शॉट्स का मजा तब ही आता है जब वे थोड़े गाढ़े और मलाईदार हों, इसलिए दूध और स्ट्रॉबेरी का संतुलन बनाए रखें. चाहें तो ग्लास के नीचे बारीक कटी स्ट्रॉबेरी डालकर प्रेजेंटेशन को और खूबसूरत बना सकते हैं। गुलकंद की खुशबू को निखारने के लिए एक चुटकी इलायची पाउडर डालना भी अच्छा आइडिया है.
चीनी का इस्तेमाल कम रखें, क्योंकि गुलकंद और स्ट्रॉबेरी की प्राकृतिक मिठास ही इसका असली स्वाद है. अगर टोन्ड दूध इस्तेमाल कर रहे हैं, तो क्रीमी टेक्सचर के लिए थोड़ी फ्रेश क्रीम मिलाना न भूलें.