scorecardresearch

मानसून में घर में घुस रहे हैं मच्छर और कीड़े? अपनाएं ये देसी उपाय, पूरी बारिश रहेंगे बेफिक्र

बारिश के मौसम में शाम के समय बाहर जाते समय हल्के रंग के फुल स्लीव कपड़े पहनें. इससे मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है.

Advertisement
Flying Insects Flying Insects

मानसून की बारिश गर्मी से राहत तो देती है, लेकिन अपने साथ कई परेशानियां भी लेकर आती है. इनमें सबसे बड़ी समस्या घर में मच्छरों, मक्खियों, चींटियों, कॉकरोच और दूसरे उड़ने वाले कीड़ों का बढ़ना है. शाम होते ही लाइट जलते ही ये कीड़े घर के अंदर आने लगते हैं. जिससे न सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है, बल्कि डेंगू, मलेरिया और दूसरी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. बारिश के मौसम में नमी और जगह-जगह जमा पानी इन कीड़ों के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बना देता है. हालांकि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

घर के आसपास पानी जमा न होने दें
बारिश के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ने की सबसे बड़ी वजह रुका हुआ पानी होता है. कूलर, बाल्टी, गमलों की ट्रे, बंद नालियां और घर के बाहर रखे बर्तनों में जमा पानी मच्छरों के लार्वा के पनपने की जगह बन जाता है. इसलिए सप्ताह में कम से कम एक बार इन सभी जगहों की सफाई करें और जमा पानी तुरंत हटा दें. पानी की टंकियों और स्टोरेज कंटेनरों को हमेशा ढककर रखें.

खिड़कियों और दरवाजों पर लगाएं जाली
अगर रात में बार-बार कीड़े घर के अंदर आ जाते हैं तो दरवाजों और खिड़कियों पर महीन जाली लगवाना एक आसान और प्रभावी उपाय है. इससे ताजी हवा भी आती रहती है और कीड़े अंदर नहीं पहुंच पाते. रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना भी सुरक्षित और असरदार तरीका है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह बेहतर विकल्प माना जाता है.

सफेद की जगह पीली रोशनी का करें इस्तेमाल
सफेद और नीली रोशनी की ओर उड़ने वाले कीड़े ज्यादा आकर्षित होते हैं. ऐसे में घर के बाहर. बालकनी या बरामदे में पीले या वॉर्म टोन वाले बल्ब लगाने से कीड़ों की संख्या कम हो सकती है. इससे घर के आसपास का माहौल भी ज्यादा आरामदायक रहता है.

कपूर और लहसुन 
कपूर को लंबे समय से प्राकृतिक कीट-रोधी उपाय माना जाता है. कमरे में कपूर जलाने या पानी में कपूर की टिकिया रखकर अलग-अलग कोनों में रखने से मच्छरों और कॉकरोच को दूर रखने में मदद मिल सकती है. वहीं लहसुन को पानी में उबालकर तैयार घोल को स्प्रे बोतल में भरकर सिंक. कूड़ेदान और अंधेरे कोनों में छिड़कने से भी कीड़े कम आते हैं.

बाहर निकलते समय रखें ये सावधानी
बारिश के मौसम में शाम के समय बाहर जाते समय हल्के रंग के फुल स्लीव कपड़े पहनें. इससे मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है. अतिरिक्त सुरक्षा के लिए नारियल तेल में नीम या सिट्रोनेला एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाकर खुली त्वचा पर लगाया जा सकता है. यह प्राकृतिक तरीका मच्छरों को दूर रखने में मददगार साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें: