Gold Storage Rules
Gold Storage Rules
सोने के दाम अभी आसमान छू रहे हैं. इसके बावजूद शादी-विवाह, पर्व-त्योहार के मौसम में सोने की खरीदारी खूब हो रही है. यदि आप सोचते हैं कि घर में जितना चाहे उतना सोना रख सकते हैं तो आप गलत हैं. घर में सोना रखने को लेकर भी नियम है. इनकम टैक्स के नियम के तहत जिनता सोना रखने की बात कही गई है, उससे ज्यादा किसी के घर में सोना मिलने पर सरकार उसे जब्त कर सकती है. आइए जानते हैं घर में कितना गोल्ड रख सकते हैं.
कई लोग जहां सोना पहनने के शौकीन होते हैं तो वहीं कुछ लोग इसे घर में भविष्य के लिए संभालकर रखते हैं. पुरुष और महीला दोनों के लिए सोना रखने को लेकर अलग-अलग नियम है. आपको मालूम हो कि हमारे देश में सोना सिर्फ निवेश नहीं है बल्कि यह हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा हुआ है. शादी, पर्व, जन्मदिन या अन्य शुभ मौकों पर सोना का गहना देने की परंपरा है. महिलाओं को शादी के समय सोने के गहने मिलते हैं, जिन्हें स्त्रीधन कहा जाता है.
अपने पास कितना रख सकते हैं सोने का गहना
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सोना रखने को लेकर नियम तय किए गए हैं. इसमें सोने की कीमत नहीं बल्कि कुल वजन को आधार माना गया है. इसका मतलब है कि सोना कितने रुपए का है, इसकी जांच नहीं की जाती बल्कि गोल्ड कितना ग्राम है इस बात को देखा जाता है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस ने सोना रखने को लेकर एक लिमिट तय की है.
शादीशुदा महिला अपने पास सोना 500 ग्राम तक रख सकती है. अविवाहित महिला 250 ग्राम तक गोल्ड अपने पास रख सकती है. घर-परिवार का पुरुष सदस्य 100 ग्राम तक सोने के गहने अपने पास रख सकता है. इतना सोने का गहना होने पर इसे जब्त नहीं किया जाता है, भले ही आपके पास इसका कोई बिल न हो. ध्यान रखें कि यदि आपके पास सोने के सिक्के, सोने के बिस्कुट या सोने के ईंट (बार) हैं तो इनके लिए खरीद का बिल या उसे खरीदने का सोर्स बताना जरूरी होता है. यदि आप सही जानकारी नहीं देंगे तो इनकम टैक्स के अधिकारी इन्हें जब्त कर सकते हैं.
जांच में तय सीमा से ज्यादा मिले सोना तो घबराएं नहीं
यदि किसी जांच में आपके पास इनकम टैक्स की ओर से तय सीमा से ज्यादा सोना मिलता है तो घबराएं नहीं क्योंकि आयकर विभाग आपको स्पष्टीकरण देने का मौका देता है. आपको विरासत में मिले सोने के गहने, गिफ्ट में मिले गहने या आपने अपनी घोषित आय से सोना खरीदा है तो आपको कोई परेशानी नहीं होगी.
पुश्तैनी गहनों के मामले में परिवार के पुराने वसीयतनामा या बंटवारे के कागज भी सबूत के तौर पर काम आते हैं. यदि आपने सोना अपनी घोषित आय से खरीदा है और आपके पास उसके पक्के बिल हैं तो ऐसे में सोना रखने की कोई अधिकतम सीमा नहीं है. आप जितना चाहें उतना सोना रख सकते हैं. आपको मालूम हो कि सरकार को आपके सोने के गहनों से कोई परेशानी नहीं है बल्कि उस 'बेहिसाब' पैसे से है जिससे सोना खरीदा गया हो. ऐसे में आप अपने पुराने गहनों की फोटो खींचकर रखें, उनकी वैल्यूएशन करवा लें और नए सोने की खरीदारी हमेशा पक्के बिल पर ही करें.