Hacks to Clean kali kadhai
Hacks to Clean kali kadhai
रोजाना रसोई में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले बर्तनों में कढ़ाही भी शामिल है. हर दिन सब्जी, पूड़ी, पकौड़े या मसालेदार खाना बनाते-बनाते यह लगातार तेल, मसालों और तेज आंच के संपर्क में रहती है. कई बार खाना जल जाने से इसपर काली परत जम जाती है. धीरे-धीरे यह कालापन इतना बढ़ जाता है कि कढ़ाही गंदी दिखने लगती है. सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इसे साफ करना आसान नहीं होता. घंटों रगड़ने के बाद भी जिद्दी कालिख और चिकनाई पूरी तरह नहीं निकलती. और लोग इसे किचन से हटाने के बारे में सोचने लगते हैं.
अगर आप भी इन्हीं लोगों में से हैं जिन्हें काली कढ़ाही साफ करना किसी जंग जीतने जैसा लगता है तो चलिए हम आपकी मुश्किल आसान कर देते हैं.
टमाटर केचप से साफ होगी काली कढ़ाही
टमाटर केचप सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि कालिख और दाग साफ करने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है. कढ़ाही की काली सतह पर टमाटर केचप की मोटी परत लगाकर 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें. केचप में मौजूद नेचुरल एसिड गंदगी को ढीला करने में मदद करते हैं. इसके बाद स्क्रबर से रगड़कर पानी से धो लें. अगर दाग पुराने हों तो इस प्रक्रिया को दोबारा दोहराया जा सकता है.
बेकिंग सोडा से बनाएं पेस्ट
बहुत ज्यादा जली या काली पड़ चुकी कढ़ाही के लिए यह तरीका कारगर साबित हो सकता है. कढ़ाही में इतना पानी भरें कि जला हुआ हिस्सा डूब जाए. अब उसमें 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा डालकर 10-15 मिनट तक उबालें. उबालने से जली हुई परत नरम होने लगती है. पानी ठंडा होने के बाद स्क्रबर से अच्छी तरह रगड़ें और साफ पानी से धो लें.
नमक और नींबू का पेस्ट
अगर कढ़ाही पर ज्यादा मोटी कालिख नहीं जमी है तो नमक और नींबू की मदद से भी इसे साफ किया जा सकता है. कढ़ाही पर मोटा नमक फैलाएं और आधे कटे नींबू से पूरी सतह को अच्छी तरह रगड़ें. नींबू में मौजूद प्राकृतिक एसिड और नमक की खुरदरी बनावट मिलकर चिकनाई और दाग हटाने में मदद करते हैं. करीब 10-15 मिनट बाद स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़कर पानी से धो लें. इससे कढ़ाही काफी हद तक साफ और चमकदार नजर आने लगेगी.
बेकिंग सोडा और सिरका
अगर कढ़ाही पर जिद्दी कालिख और चिकनाई जम गई है तो बेकिंग सोडा और सफेद सिरका सबसे असरदार घरेलू उपायों में से एक है. सबसे पहले कढ़ाही की काली सतह पर अच्छी मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़कें. इसके ऊपर थोड़ा सफेद सिरका डालें. दोनों के मिलने पर झाग बनने लगेगा, जो जमी हुई गंदगी को ढीला करने का काम करता है. इसे 15-20 मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद स्टील स्क्रबर या ब्रश से रगड़ें और साफ पानी से धो लें. जरूरत पड़ने पर इस प्रक्रिया को दोबारा भी दोहरा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: