किचन की चिमनी कैसे साफ करें
किचन की चिमनी कैसे साफ करें
क्या आपके किचन की चिमनी पर भी चिकनाई की मोटी परत जम गई है? क्या फिल्टर में तेल और धूल चिपकने से चिमनी ठीक से काम नहीं कर रही? अगर आप भी इसे साफ कराने के लिए प्रोफेशनल्स को बुलाने की सोच रहे हैं, तो जरा ठहरिए. चिमनी की सफाई के लिए हर बार पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप खुद भी इसकी चिकनाई और गंदगी हटा सकते हैं. इसके लिए न तो बहुत मेहनत करनी पड़ेगी और न ही महंगे सामान की जरूरत होगी. बस सफाई का सही तरीका पता होना चाहिए.
गर्म पानी और डिशवॉश से हटाएं जमी हुई चिकनाई
चिमनी के फिल्टर पर तेल की परत जम गई है तो गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक बड़े बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें 2-3 चम्मच डिशवॉश लिक्विड मिलाएं. और नींबू का रस डाल दें. अब चिमनी का मेटल फिल्टर निकालकर 15-20 मिनट के लिए इसमें भिगो दें. इसके बाद मुलायम ब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें. चिकनाई ढीली होकर निकलने लगेगी. आखिर में साफ पानी से धोकर फिल्टर को पूरी तरह सुखा लें.
सिरके से हटाएं चिपचिपी परत
सफेद सिरका भी रसोई की चिकनाई साफ करने में काम आ सकता है. इसके लिए एक कप पानी में थोड़ा सफेद सिरका मिलाएं. इस घोल में कपड़ा भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें. अब चिमनी की बाहरी सतह को हल्के हाथों से पोंछें. इससे तेल और धूल की चिपचिपी परत हटाने में मदद मिलेगी. ध्यान रखें कि सिरके का घोल सीधे चिमनी के स्विच, मोटर या इलेक्ट्रिकल हिस्सों पर न डालें.
बेकिंग सोडा से साफ करें जिद्दी दाग
अगर फिल्टर पर चिकनाई की मोटी परत जम गई है तो बेकिंग सोडा मददगार हो सकता है. एक बर्तन में गर्म पानी लेकर उसमें 2 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं. फिल्टर को कुछ देर इस घोल में भिगोकर रखें. इसके बाद मुलायम ब्रश से साफ करें. बेकिंग सोडा चिकनाई को ढीला करने में मदद करता है. हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले चिमनी के निर्माता की सफाई संबंधी सलाह जरूर पढ़ें.
टूथब्रश से साफ करें फिल्टर के कोने
कई बार फिल्टर के कोनों और जाली के बीच तेल और धूल जमा हो जाती है. वहां बड़े ब्रश या कपड़े से सफाई करना मुश्किल होता है. ऐसे में एक पुराने, मुलायम टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं. फिल्टर को डिशवॉश वाले गर्म पानी में भिगोने के बाद टूथब्रश से कोनों को धीरे-धीरे साफ करें. बहुत जोर से रगड़ने से जाली खराब हो सकती है. सफाई के बाद फिल्टर को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सूखने दें.
ये भी पढ़ें: