How To Clean Wooden Furniture
How To Clean Wooden Furniture
घर में रखा लकड़ी का फर्नीचर सिर्फ जरूरत की चीज नहीं होता, बल्कि यह घर की खूबसूरती और शान को भी बढ़ाता है. लेकिन समय के साथ धूल, नमी और रोजमर्रा के इस्तेमाल के कारण इसकी चमक फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में कई लोग बाजार से महंगे केमिकल वाले क्लीनर खरीद लेते हैं, जो कई बार फर्नीचर की पॉलिश को नुकसान पहुंचा सकते हैं. हालांकि, आप कुछ आसान घरेलू उपाय की मदद से बिना खर्च के अपने लकड़ी के फर्नीचर को फिर से चमका सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...
घर पर तैयार करें नेचुरल पॉलिश
लकड़ी के फर्नीचर की सफाई और चमक बनाए रखने के लिए घर पर ही एक नेचुरल पॉलिश तैयार की जा सकती है. इसके लिए एक खाली स्प्रे बोतल में एक कप सफेद सिरका और एक चौथाई कप कोई भी नेचुरल ऑयल डालें. सिरका लकड़ी पर जमी गंदगी और दागों को हटाने में मदद करता है, जबकि तेल लकड़ी को पोषण देकर उसकी चमक बढ़ाता है.
खुशबू के लिए मिलाएं एसेंशियल ऑयल
सिरके की गंध कई लोगों को पसंद नहीं आती. इससे बचने के लिए इस मिश्रण में लेमनग्रास, लैवेंडर या गुलाब जैसे किसी भी एसेंशियल ऑयल की 4 से 5 बूंदें मिला सकते हैं. इससे फर्नीचर साफ करने के बाद कमरे में हल्की और ताजगी भरी खुशबू बनी रहती है.
इस्तेमाल से पहले करें ये जरूरी काम
तेल और सिरका आसानी से एक-दूसरे में नहीं मिलते, इसलिए हर बार इस्तेमाल करने से पहले स्प्रे बोतल को अच्छी तरह हिलाना जरूरी है. मिश्रण का उपयोग करने से पहले फर्नीचर के किसी छोटे और छिपे हुए हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें. अगर कोई समस्या न दिखे तो पूरे फर्नीचर पर हल्का स्प्रे करें.
मुलायम कपड़े का ही करें इस्तेमाल
लकड़ी के फर्नीचर को साफ करते समय कभी भी खुरदरे कपड़े का उपयोग नहीं करना चाहिए. इससे सतह पर बारीक खरोंचें पड़ सकती हैं. विशेषज्ञों की सलाह है कि माइक्रोफाइबर या मुलायम सूती कपड़े का इस्तेमाल करें. यह कपड़ा धूल को आसानी से साफ करता है और फर्नीचर को नुकसान भी नहीं पहुंचाता.
ऐसे करें पॉलिश
स्प्रे करने के बाद मुलायम कपड़े से लकड़ी के रेशों की दिशा में फर्नीचर को पोछें. इसके बाद एक साफ और सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से दोबारा पॉलिश करें. इससे अतिरिक्त तेल और सिरका हट जाएगा और फर्नीचर की सतह पर शानदार चमक दिखाई देगी. सफाई के बाद फर्नीचर को कुछ देर सूखने दें और उस पर तुरंत कोई गीली वस्तु न रखें.
मिलेगा नया जैसा लुक
इस आसान घरेलू उपाय की मदद से लकड़ी के फर्नीचर पर जमी धूल, दाग और उंगलियों के निशान आसानी से साफ हो जाते हैं. साथ ही फर्नीचर की प्राकृतिक चमक भी बरकरार रहती है. नियमित रूप से इस तरीके को अपनाकर आप अपने महंगे फर्नीचर को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: