scorecardresearch

Sticky Oil Bottle Cleaning: तेल की बोतल चिपचिपी हो गई है? ऐसे करें साफ, मिनटों में चमक उठेगी!

अगर आपकी रसोई में भी तेल और घी की बोतलें चिपचिपी हो गई हैं, तो इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है.

Advertisement
oil bottle oil bottle

रसोई में तेल की बोतल का इस्तेमाल रोजाना होता है. बार-बार तेल डालने और बोतल पकड़ने की वजह से इसके बाहर चिकनाई की परत जमने लगती है. कुछ दिनों बाद यही चिपचिपाहट इतनी बढ़ जाती है कि बोतल पकड़ना भी मुश्किल हो जाता है. इतना ही नहीं, तेल लगी बोतल को रखने से किचन स्लैब और अलमारी पर भी गंदगी जमने लगती है. अगर आपकी रसोई में भी तेल और घी की बोतलें चिपचिपी हो गई हैं, तो इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है.

गर्म पानी और नींबू से करें सफाई
तेल की बोतल की बाहरी सतह साफ करने के लिए गर्म पानी और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. गर्म पानी में थोड़ा नींबू का रस मिलाएं और कपड़े या स्पंज की मदद से बोतल को अच्छी तरह पोंछें. इससे जमा हुई चिकनाई ढीली होने लगती है और बोतल आसानी से साफ हो जाती है.

बेकिंग सोडा भी आएगा काम
अगर बोतल पर तेल की परत ज्यादा जमी है, तो बेकिंग सोडा इस्तेमाल करें. बोतल की सतह पर थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद गीले कपड़े से इसे साफ कर लें. बेकिंग सोडा जिद्दी चिकनाई हटाने में मदद करता है.

सिरके से हटाएं अंदर की चिकनाई
अगर तेल या घी के डिब्बे के अंदर चिकनाई जम गई है, तो उसमें थोड़ा सिरका डालकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ सकते हैं. इसके बाद डिब्बे को पानी से अच्छी तरह धो लें. इस्तेमाल के बाद सिरके की गंध न रहे, इसके लिए साफ पानी से दोबारा धोना जरूरी है.

चावल से साफ करें प्लास्टिक के डिब्बे
प्लास्टिक के डिब्बों के अंदर जमी चिकनाई साफ करने के लिए चावल का देसी तरीका भी आजमा सकते हैं. डिब्बे में थोड़ा चावल और पानी डालकर ढक्कन बंद करें और इसे अच्छी तरह हिलाएं. चावल के दाने अंदर की गंदगी को रगड़कर हटाने में मदद करते हैं.

ध्यान रखें ये बातें
बोतल और डिब्बे धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखाना न भूलें. इनमें नमी रह जाने पर बदबू और फंगस जैसी समस्या हो सकती है. इसलिए सफाई के बाद इन्हें पूरी तरह सुखाकर ही दोबारा तेल या घी भरें. हफ्ते में एक बार इन आसान तरीकों से सफाई करने पर किचन की तेल वाली बोतलें लंबे समय तक साफ और चमकदार बनी रह सकती हैं.

ये भी पढ़ें: