Guava Plant (Photo/Meta AI)
Guava Plant (Photo/Meta AI)
शहरों में बढ़ती भागदौड़ के बीच लोग अब बालकनी गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है. कई लोग अपनी बालकनी में सब्जियों के साथ-साथ फलों के पौधे भी लगा रहे हैं. अमरूद ऐसा ही एक फलदार पौधा है, जिसे थोड़ी देखभाल और सही धूप मिलने पर आसानी से गमले में उगाया जा सकता है. खास बात यह है कि यह पौधा ज्यादा जगह नहीं घेरता और कुछ समय बाद घर पर ही ताजे व मीठे अमरूद का आनंद भी देता है. अगर आप भी अपनी बालकनी में अमरूद का पौधा लगाने की सोच रहे हैं, तो चलिए आपको बताते हैं कि आप अपनी बालकनी में अमरूद का पौधा कैसे लगा सकते हैं.
सही पौधे का चुनाव
बालकनी में अमरूद उगाने के लिए ड्वार्फ या ग्राफ्टेड किस्मों का चुनाव करना सबसे अच्छा माना जाता है. ये पौधे जल्दी बढ़ते हैं और बीज से तैयार पौधों की तुलना में कम समय में फल देना शुरू कर देते हैं. नर्सरी से हमेशा स्वस्थ, हरे पत्तों और मजबूत तने वाला पौधा खरीदना चाहिए.
बड़े गमले का करें इस्तेमाल
अमरूद का पौधा धीरे-धीरे बड़ा होता है, इसलिए इसे पर्याप्त जगह की जरूरत होती है. 18 से 24 इंच गहरे गमले का उपयोग सबसे बढ़िया होता है. गमले के नीचे पानी निकालने के लिए पर्याप्त ड्रेनेज होल होने चाहिए. इसके साथ ही नीचे छोटे पत्थर या टूटे हुए मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े रखने से अतिरिक्त पानी आसानी से निकल जाता है.
भुरभुरी मिट्टी तैयार करें
अच्छी फसल के लिए मिट्टी की गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण होती है. इसके लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में कम्पोस्ट, कोकोपीट और रेत मिलाकर मिश्रण तैयार किया जा सकता है. यह मिश्रण जड़ों को फैलने में मदद करता है और पानी जमा होने की समस्या से भी बचाता है.
रोजाना मिले भरपूर धूप
अमरूद के पौधे को अच्छी बढ़वार और फल देने के लिए रोजाना 6 से 8 घंटे की सीधी धूप की आवश्यकता होती है. इसलिए गमले को बालकनी के ऐसे हिस्से में रखें जहां पर्याप्त धूप आती हो. समय-समय पर गमले को घुमाते रहने से पौधे की सभी शाखाओं को बराबर धूप मिलती है.
सिंचाई और छंटाई का रखें ध्यान
गर्मियों में पौधे को नियमित पानी देना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी नुकसान पहुंचा सकता है. पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जरूर जांच लें. वहीं, समय-समय पर शाखाओं की छंटाई करने से पौधा मजबूत बनता है और नई टहनियों का विकास बेहतर होता है.
इन बातों का रखें ख्याल
अमरूद का पौधा लगाने के बाद तुरंत फल नहीं देता. मौसम, मिट्टी और पौधे की किस्म के अनुसार फूल और फल आने में एक से तीन साल तक का समय लग सकता है. इस दौरान पौधे को सही धूप, खाद और पानी मिलता रहे, तो भविष्य में अच्छी पैदावार मिलने की संभावना बढ़ जाती है. घर की बालकनी में उगा ताजा अमरूद न केवल स्वाद से भरपूर होता है, बल्कि परिवार को प्राकृतिक और पौष्टिक फल भी उपलब्ध कराता है.
ये भी पढ़ें: