How to Keep Water Tank Cool
How to Keep Water Tank Cool
उत्तर भारत में गर्मी ने अब तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. अप्रैल के आखिर तक आते-आते कई शहरों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है. इस भीषण गर्मी का असर सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि घर के अंदर भी महसूस हो रहा है. छत पर रखी पानी की टंकियों से उबलता हुआ पानी निकल रहा है.
कई घरों में हालात ऐसे हैं कि नल खोलते ही उबलता हुआ पानी निकलता है. इस पानी से नहाना तो दूर, बर्तन धोना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान देसी उपाय आपकी बड़ी मदद कर सकते हैं.
1. इंसुलेटेड वॉटर टैंक कवर का इस्तेमाल करें
सबसे आसान और असरदार तरीका है टंकी को कवर करना. बाजार में इंसुलेटेड वॉटर टैंक कवर आसानी से मिल जाते हैं, जो टंकी को सीधी धूप से बचाते हैं. अगर आप थोड़ा जुगाड़ू अंदाज अपनाना चाहें, तो घर में मौजूद थर्माकोल शीट, रेक्सीन या पुराने गद्दे का इस्तेमाल करके भी कवर बना सकते हैं. इससे सूरज की किरणें सीधे टंकी पर नहीं पड़ेंगी और पानी का तापमान काफी हद तक कम रहेगा.
2. छत पर शेड लगवाएं
गर्मी में छत सबसे ज्यादा तपती है और उसी पर टंकी रखी होती है. ऐसे में अगर टंकी के ऊपर टीन, फाइबर या ग्रीन नेट का शेड लगवा दिया जाए, तो सीधी धूप से बचाव हो जाता है. यह उपाय लंबे समय के लिए फायदेमंद है और सिर्फ टंकी ही नहीं, छत के बाकी हिस्सों को भी ठंडा रखने में मदद करता है.
3. टंकी को सफेद या हल्के रंग से पेंट करें
आपने अक्सर देखा होगा कि गर्मियों में लोग सफेद कपड़े पहनना पसंद करते हैं. ठीक उसी तरह टंकी पर भी हल्का रंग ज्यादा धूप को रिफ्लेक्ट करता है. अगर आपकी टंकी काले या गहरे रंग की है, तो उसे सफेद या हल्के रंग से पेंट करवा सकते हैं. इससे टंकी कम गर्म होगी और पानी भी ज्यादा नहीं तपेगा.
4. टंकी के आसपास पौधे या ग्रीन कवर लगाएं
कुछ और देसी तरीका अपनाना हो तो टंकी के आसपास गमले रख दें या बेल वाले पौधे लगा दें. इससे प्राकृतिक छाया बनती है और टंकी पर सीधी धूप कम पड़ती है. साथ ही छत भी थोड़ी ठंडी हो जाती है. गांवों में आज भी लोग इसी तरह के उपाय अपनाकर गर्मी से राहत पाते हैं.
5. दिन में टंकी का इस्तेमाल कम, सुबह-शाम करें ज्यादा
अगर पानी बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है, तो दिन के समय उसका इस्तेमाल कम करें. सुबह जल्दी या रात को टंकी का पानी ठंडा होता है, इसलिए नहाने और अन्य काम उसी समय निपटाने की कोशिश करें. साथ ही, अगर संभव हो तो टंकी में दिन के समय थोड़ा ताजा पानी भी मिलाते रहें, ताकि तापमान संतुलित बना रहे.
ये भी पढ़ें