बिना एसी और कूलर ऐसे रखें कमरे को ठंडा (AI made Image)
बिना एसी और कूलर ऐसे रखें कमरे को ठंडा (AI made Image)
गर्मियों की रातों में कई बार कमरा ऐसा महसूस होता है, जैसे दिन भर की धूप दीवारों और छत में कैद होकर रात तक तंदूर बन चुकी हो. ऊपर से अगर घर में एसी या कूलर न हो, तो नींद लेना भी मुश्किल हो जाता है. पंखा चलता रहता है, लेकिन घर में गर्म हवा ही घूमती रहती है. ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल आता है कि बिना ज्यादा खर्च किए कमरे को ठंडा कैसे रखा जाए.
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू तरीके आज भी उतने ही असरदार हैं. थोड़ी समझदारी और कुछ छोटे बदलाव करके आप अपने कमरे को काफी हद तक ठंडा और आरामदायक बना सकते हैं.
दिन में धूप को घर के अंदर आने से रोकें
कमरे को ठंडा रखने का सबसे पहला तरीका है, दिन के समय तेज धूप को अंदर आने से रोकना. दोपहर के वक्त खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, खासकर जिस तरफ से सीधी धूप आती हो. अगर धूप सीधे कमरे में आती है, तो दीवारें और फर्श गर्म होकर रात तक ताप छोड़ते रहते हैं. इसलिए दिन में कमरे को बंद रखना और रात में मौसम थोड़ा ठंडा होने पर खिड़कियां खोल देना ज्यादा बेहतर रहता है.
रात में वेंटिलेशन का रखें ध्यान
जैसे ही शाम ढले और बाहर की हवा ठंडी होने लगे, खिड़कियां खोल दें. इससे बाहर की ताजी हवा कमरे के अंदर आएगी और दिन भर की बंद गर्मी बाहर निकल जाएगी. अगर कमरे में दो तरफ खिड़कियां हैं, तो क्रॉस वेंटिलेशन और भी अच्छा काम करता है. इससे हवा का फ्लो बना रहता है और कमरा जल्दी ठंडा होता है.
गीले पर्दे और सॉफ्ट फैब्रिक करें इस्तेमाल
खिड़कियों पर लाइट रंग के कॉटन या लिनन के पर्दे लगाना गर्मियों में काफी फायदेमंद होता है. चाहें तो शाम के समय गीला पर्दा या पतली चादर भी लगा सकते हैं. जब बाहर की हवा इस गीले कपड़े से होकर अंदर आती है, तो उसमें थोड़ी ठंडक आ जाती है. इससे कमरे का माहौल काफी राहत देने वाला महसूस होता है.
ठंडे पानी से पोछा और छत पर पानी
अगर कमरा रात में ज्यादा तपता है, तो दिन में एक या दो बार ठंडे पानी से पोछा जरूर लगाएं. इससे फर्श की गर्मी कम होती है और कमरे का तापमान थोड़ा नीचे आता है. अगर आपके घर में छत या टैरेस है, तो शाम के समय वहां 2 से 3 बाल्टी पानी छिड़क दें. इससे छत में जमा गर्मी कम होती है और रात में कमरा ठंडा महसूस होता है.
मिट्टी के घड़े का इस्तेमाल ठंडक के लिए
गर्मियों में फ्रिज के बजाय मिट्टी के मटके का पानी पीना न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा होता है, बल्कि कमरे में नमी बनाए रखने में भी फायदेमंद होता है. मिट्टी का घड़ा आसपास के तापमान को थोड़ा संतुलित करता है और वातावरण को ज्यादा आरामदायक बनाता है.
पौधों से बढ़ाएं ठंडक
बालकनी, खिड़की या कमरे के कोनों में छोटे-छोटे पौधे रखना भी गर्मी कम करने का अच्छा तरीका है. पौधे हवा को ताजा रखते हैं और आसपास की गर्मी को कुछ हद तक कम करते हैं. तुलसी, मनी प्लांट या एरेका पाम जैसे पौधे गर्मियों में घर को ठंडा और सुकूनभरा बनाने में मदद करते हैं.
ये भी पढ़ें