scorecardresearch

एक बार इस स्टाइल से बनाकर देखें आलू टमाटर की सब्जी, लहसुन-प्याज के बिना भी आएगा जबरदस्त स्वाद

खास बात यह है कि इस सब्जी को बनाने के लिए छोटे आलू, टमाटर और घर में मौजूद मसालों की जरूरत होती है. इसे पूड़ी, पराठे या रोटी के साथ परोस सकते हैं.

Advertisement
Aloo Tamatar Ki Sabzi Aloo Tamatar Ki Sabzi
हाइलाइट्स
  • बिना लहसुन-प्याज के आलू की सब्ज़ी

  • पूड़ी और पराठे के साथ करें सर्व

कई बार घर में कुछ ऐसा खाने का मन करता है, जिसे बनाने में ज्यादा समय न लगे और स्वाद भी भरपूर मिले. ऐसे में बिना लहसुन-प्याज की आलू की सब्जी एक अच्छा विकल्प है. इसे आप व्रत के अलावा रोजाना के खाने में भी बना सकते हैं. खास बात यह है कि इस सब्जी को बनाने के लिए छोटे आलू, टमाटर और घर में मौजूद मसालों की जरूरत होती है. इसे पूड़ी, पराठे या रोटी के साथ परोस सकते हैं. आइए जानते हैं कुकर में बिना लहसुन-प्याज की आलू की सब्जी बनाने का आसान तरीका.

सब्जी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • छोटे आलू-500 ग्राम

  • टमाटर-2 से 3

  • तेल -2 बड़े चम्मच

  • जीरा- आधा छोटा चम्मच

  • हींग-1 चुटकी

  • करी पत्ता-5 से 6

  • हल्दी पाउडर -आधा छोटा चम्मच

  • धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच

  • नमक-स्वादानुसार

  • खड़े गर्म मसाले- 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी, 2 लौंग और 1 छोटी इलायची

  • हरा धनिया

सबसे पहले आलू उबालकर छील लें
सबसे पहले छोटे आकार के आलू अच्छी तरह धो लें. अब इन्हें कुकर में जरूरत के अनुसार पानी डालकर उबाल लें. आलू उबलने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें. इसके बाद आलू को पानी से निकालकर ठंडा करें और छिलके उतार लें.

अब सभी आलू को एक बर्तन में रखकर हल्के हाथ से मैश कर लें. ध्यान रखें कि आलू को पूरी तरह पेस्ट न बनाएं. कुछ आलू के टुकड़े साबुत या बड़े रहने दें, ताकि सब्जी में अच्छा स्वाद और बनावट आए.

हींग, जीरा और खड़े मसालों का लगाएं तड़का
अब कुकर या गहरी कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें हींग, जीरा और दालचीनी, लौंग व इलायची जैसे खड़े गर्म मसाले डालें. मसालों को कुछ सेकंड तक भूनें, ताकि उनकी खुशबू तेल में अच्छी तरह आ जाए.

इसके बाद इसमें करी पत्ता डालें. करी पत्ता सब्जी के स्वाद और खुशबू को बढ़ाता है. इसे डालते समय ध्यान रखें कि तेल ज्यादा गर्म न हो, वरना पत्ते जल सकते हैं.

टमाटर की प्यूरी को अच्छी तरह भूनें
अब टमाटर को धोकर मिक्सर में पीस लें और उसकी ताजी प्यूरी तैयार कर लें. इस प्यूरी को तड़के में डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि टमाटर नीचे चिपके नहीं.

जब टमाटर की प्यूरी अच्छी तरह पक जाए और उसका कच्चापन दूर हो जाए, तब इसमें नमक, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालें. चाहें तो थोड़ा भुना हुआ जीरा पाउडर भी मिला सकते हैं. सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक भूनें.

मैश किए आलू डालकर 10 मिनट पकाएं

  • अब तैयार मसाले में जरूरत के अनुसार पानी डालें और अच्छी तरह मिला लें. पानी की मात्रा इस बात पर निर्भर करती है कि आपको सब्जी कितनी गाढ़ी या पतली चाहिए. इसके बाद मैश किए हुए आलू डालकर मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं.

  • सब्जी को धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि आलू नीचे न लगें. अगर सब्जी ज्यादा गाढ़ी लगे, तो थोड़ा गर्म पानी मिला सकते हैं.

  • जब आलू टमाटर और मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लें, तो गैस बंद कर दें. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं.

पूड़ी और पराठे के साथ खाएं
बिना लहसुन-प्याज की यह आलू की सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान है. टमाटर की हल्की खटास, खड़े मसालों की खुशबू और आलू का स्वाद इसे खास बनाते हैं. इसे गर्मागर्म पूड़ी, पराठे, रोटी या चावल के साथ परोस सकते हैं.