Representative Image
Representative Image
महिलाएं अक्सर चेहरे की टैनिंग कम करने, दाग-धब्बों या झाइयों को कम करने के लिए पार्लर में फेस ब्लीच करवाती हैं. हालांकि कई बार केमिकल वाले ब्लीच से त्वचा में जलन, एलर्जी या अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में अगर आप चाहें तो घर पर मौजूद नेचुरल चीजों से भी फेस ब्लीच तैयार कर सकती हैं. ये उपाय त्वचा के लिए सुरक्षित होते हैं और चेहरे को हल्का निखार देने में मदद कर सकते हैं.
नींबू और शहद का नेचुरल ब्लीच
नींबू में भरपूर मात्रा में विटामिन C और एस्कॉर्बिक एसिड पाया जाता है, जो त्वचा के लिए नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट की तरह काम करता है. यह मेलेनिन के प्रभाव को कम करने और स्किन टोन को हल्का करने में मदद कर सकता है. वहीं शहद त्वचा को मॉइस्चर देने के साथ-साथ चेहरे पर नेचुरली चमक लाने में सहायक होता है. इसे बनाने के लिए एक नींबू का रस निकालें और उसमें थोड़ा शहद मिलाएं. इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर लगभग 10 से 15 मिनट तक रखें, फिर साफ पानी से धो लें.
आलू का रस से होती त्वचा हल्की
आलू के रस में भी हल्की प्राकृतिक ब्लीचिंग पावर होती है, जो हाइपरपिग्मेंटेशन को कम करने और स्किन टोन को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है. इसके लिए कच्चे आलू को छीलकर कद्दूकस करें और उसका रस निकाल लें. इस रस को चेहरे पर लगाकर लगभग 15 मिनट तक छोड़ दें और फिर पानी से धो लें. आप चाहें तो आलू को छोटे टुकड़ों में काटकर सीधे चेहरे पर हल्के-हल्के रगड़ भी सकते हैं.
पपीता और अनानास से नेचुरल ग्लो
पपीता और अनानास दोनों ही फलों में त्वचा को साफ और हल्का करने वाले तत्व मौजूद होते हैं. पपीते में पाया जाने वाला पपेन एंजाइम त्वचा की पिग्मेंटेशन को कम करने में मदद करता है. वहीं अनानास में मौजूद ब्रोमेलेन एक अच्छा एक्सफोलिएटर माना जाता है, जो टैन और डेड स्किन को हटाने में सहायक हो सकता है. इसके लिए पके हुए पपीते या अनानास को मैश करके चेहरे पर लगाएं. लगभग 20 मिनट बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें. इससे त्वचा ताजगी और हल्का निखार महसूस कर सकती है.