आम पुदीना की चटनी
आम पुदीना की चटनी
गरमी के मौसम में पुदीना और कच्चे आम से बनी चटनी हर किसी को पसंद आती है. दोनों ही स्वाद और सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते. दोनों जब साथ आते हैं, तो किसी भी खाने का चटकारा बढ़ा देते हैं. इस चटनी की खास बात है कि यह किसी दूसरे चटनी की तरह नहीं बनाई जाती. इसमें 1 चम्मच भुना जीरा पड़ता है, जो इसके स्वाद को पूरी तरह बदल देता है. कई लोग पुदीना या आम की चटनी तो बनाते हैं, लेकिन भुना जीरा डालने के बारे में नहीं जानते. तो एक बार ये फार्मुला भी जरूर ट्राय करें.
बनाने का सामान
पुदीना- 1 कटोरी
कच्चा आम- 1 कटा हुआ
लहसुन- 4 से 5
नमक- स्वाद अनुसार
हरी मिर्च- 1 से 2
भुना हुआ जीरा- 1 चम्मच (यही वह चीज है, जो स्वाद बढ़ाएगी)
पुदीना और आम की तैयारी
सबसे पहले पुदीने को अच्छी तरह साफ कर लें ताकि उसमें जरा सी भी मिट्टी न रह जाए. कच्चे आम का छिलका उतारकर छोटे-छोटे टुकड़े करें और धो लें. कच्चा आम जितना खट्टा होगा, चटनी उतनी ही चटपटी बनेगी. हालांकि भुना जीरा इसके फ्लेवर को बैलेंस भी करता है.
पीसने का प्रोसेस
मिक्सर जार में सबसे पहले आम डालें, फिर पुदीना की पत्तियां, लहसुन की कलियां और हरी मिर्च डालें. नमक स्वाद के अनुसार जोड़ें. इसके बाद थोड़ा सा पानी डालें, ताकि चटनी गढ़ी बने. ज्यादा पानी डालेंगे तो स्वाद बिगड़ सकता है.
भुना हुआ जीरा डालें
अब आता है वह कदम जिससे चटनी का स्वाद पूरी तरह बदल जाएगा. उसके लिए 1 चम्मच जीरे को तवे पर डाल कर लो फ्लेम पर भून लें. जैसे ही इसका रंग बदलने लगे और खुशबू आने लगे, गैस बंद कर दें.
भुना जीरा चटनी में डालने के फायदे
इसकी खुशबू और स्वाद बढ़ता है.
खट्टे-तीखे स्वाद में बैलेंस आता है
चटनी का रंग भी उभरकर आता है
और सबसे खास बात कि चटनी का स्वाद बिल्कुल बदल कर और स्वादिष्ट हो जाता है.
अब आती है पीसने की बारी
अब सबको मिक्सर जार में डाल कर ढक्कन लगाएं और मिक्सी को चलाएं और सारी चीजों को बारीक पीस लें.
चटनी को आराम दें
पीसने के बाद चटनी को 2 से 3 मिनट छोड़ दें. इससे पुदीना और आम का स्वाद आपस में घुलने लगता है और चटनी और भी चटपटी बन जाती है.
आप चाहें तो इसे फ्रिज में रख कर 2 से 3 दिन तक खा सकते हैं. रोटी, पराठे और दाल-चावल का स्वाद बढ़ा देती है ये लजीज और चटपटी चटनी.
ये भी पढ़ें