Crispy Cheesy Potato Bites From Leftover Rice
Crispy Cheesy Potato Bites From Leftover Rice
अक्सर घरों में बचे हुए चावल को लेकर परेशानी होती है कि उनका क्या किया जाए. कई बार ये चावल फ्रिज में रखे-रखे खराब भी हो जाते हैं. ऐसे में चलिए आपको एक बेहद आसान और स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में बताते हैं. यह रेसिपी न केवल बचे हुए चावल का बेहतरीन उपयोग करती है, बल्कि एक ऐसा कुरकुरा और लजीज स्नैक तैयार करती है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री या समय की जरूरत नहीं होती.
बचे हुए चावल से तैयार करें बेस मिश्रण
इस रेसिपी की शुरुआत एक कप बासी चावल से होती है. इसमें दो उबले हुए आलू कद्दूकस करके मिलाए जाते हैं. आलू चावल को अच्छी बाइंडिंग देते हैं और स्नैक को अंदर से मुलायम बनाते हैं. दोनों को हाथों से अच्छी तरह मसल कर एकसार कर लिया जाता है.
सब्जियों और मसालों से बढ़ाएं स्वाद
अब इस मिश्रण में बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च और कद्दूकस की हुई गाजर डाली जाती है, जिससे स्वाद के साथ पौष्टिकता भी बढ़ती है. इसके बाद चिली फ्लेक्स, ओरेगेनो, काली मिर्च और नमक मिलाकर मसालेदार फ्लेवर दिया जाता है. अंत में धनिया पत्ती और कॉर्नफ्लोर डालकर इसे आटे की तरह गूंथ लिया जाता है.
चीजी फिलिंग से बनाएं खास बाइट्स
तैयार मिश्रण से छोटी लोई लेकर हथेली पर फैलाएं और बीच में मोत्ज़ारेला चीज रखें. इसे चारों तरफ से बंद करके बॉल या टिक्की का आकार दें. ध्यान रखें कि चीज बाहर न निकले, ताकि तलते समय यह सुरक्षित अंदर ही पिघले.
क्रिस्पी कोटिंग का आसान तरीका
एक कटोरे में मैदा और कॉर्न फ्लोर मिलाकर उसमें नमक और कश्मीरी लाल मिर्च डालें. पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें. तैयार बॉल्स को पहले इस स्लरी में डुबोएं और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें. इससे बाइट्स पर कुरकुरी परत बनती है.
तलने की सही विधि और परोसने का तरीका
कड़ाही में तेल मध्यम आंच पर गरम करें और बॉल्स को धीरे-धीरे तलें. इन्हें तब तक फ्राई करें जब तक वे सुनहरे और क्रिस्पी न हो जाएं. तेज आंच से बचें, ताकि अंदर का चीज अच्छे से पिघल सके. तैयार बाइट्स को हरी चटनी या टमाटर केचप के साथ गरमा गरम परोसें.
ये भी पढ़ें: