pyaz ke pakode
pyaz ke pakode
दिल्ली सहित एनसीआर में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम ने करवट ले ली है. आसमान में काले बादल छाए हैं और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने माहौल को खुशनुमा बना दिया है. ऐसे सुहाने मौसम में अगर चाय के साथ गरमा-गरम, करारे पकौड़े मिल जाएं, तो मजा दोगुना हो जाता है.
अगर आप भी घर पर जल्दी और आसान तरीके से कुरकुरे प्याज के पकौड़े बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. खास बात यह है कि इसे आप सिर्फ 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं.
कैसे बनाएं करारे प्याज के पकौड़े
प्याज के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले 2-3 मध्यम आकार के प्याज को पतले स्लाइस में काट लें. अब इन्हें एक बड़े बाउल में डालें और उसमें नमक मिलाकर 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि प्याज हल्का पानी छोड़ दे.
अब इसमें बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा सा अजवाइन डालें. चाहें तो इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया भी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि इसमें पानी बहुत कम या बिल्कुल न डालें, क्योंकि प्याज का पानी ही बैटर बनाने के लिए काफी होता है.
अब कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए, तब इस मिश्रण को हाथ से छोटे-छोटे हिस्सों में लेकर तेल में डालें. पकौड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
पकौड़ों को करारे बनाने की खास टिप्स
बेसन में थोड़ा सा कॉर्न फ्लोर मिला लें.
अगर बैटर ज्यादा पतला होगा, तो पकौड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे.
तेल ज्यादा ठंडा होगा तो पकौड़े तेल सोखेंगे, और ज्यादा गर्म होगा तो बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रहेंगे.
पकौड़ों में अजवाइन का इस्तेमाल करें. इससे पकौड़े का स्वाद और पाचन दोनों बेहतर होते हैं.
एक्स्ट्रा क्रिस्पी पकौड़ों के लिए आप इन्हें हल्का तलकर निकाल लें और फिर दोबारा तेज आंच पर फ्राई करें.
बारिश के मौसम का परफेक्ट स्नैक
बारिश के इस मौसम में चाय और पकौड़ों का कॉम्बिनेशन हर किसी का फेवरेट होता है. प्याज के ये करारे पकौड़े न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होते हैं, बल्कि इन्हें बनाना भी बेहद आसान है. अगर आप भी बारिश का मजा लेना चाहते हैं, तो घर पर ये झटपट बनने वाले पकौड़े जरूर ट्राई करें.
ये भी पढ़ें