Healthy Samosa Making Recipe
Healthy Samosa Making Recipe
शाम की चाय के साथ भारत में आमतौर पर समोसे को स्नैक्स के तौर पर काफी पसंद किया जाता है. घर में मेहमान आने पर भी सबसे पहले दुकान पर दौड़कर समोसे का ऑर्डर दिया जाता है. लेकिन आजकल लोग सेहत को लेकर काफी फिक्रमंद हो चुके हैं, ऐसे में वह समोसे से थोड़ी दूरी बनाने लगे हैं. इसका बड़ा कारण है समोसे का मैदे से बनना और तेल में तला जाना. लेकिन अगर आप समोसे से दूरी नहीं बना पा रहे हैं, या फिर मेहमानों को इंप्रेस करना चाहते हैं तो आप इस रेसिपी को आजमा सकते हैं. इससे आप बिना मैदा और कम तेल में के घर पर हेल्दी समोसे तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में भी बेहतरीन होंगे. तो चलिए बताते हैं आपको इस रेसिपी के बारे में.
गेंहू के आटे से बनाएं समोसा
इस रेसिपी में हेल्दी समोसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में 1 कप गेहूं का आटा लें. इसमें टेस्ट के हिसाब से नमक और थोड़ी सी अजवायन मिलाएं, जिससे स्वाद और डाइजेशन दोनों बेहतर होते हैं. साथ ही इसमें 2 चम्मच सरसों का तेल डालें और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें और लगभग 20 मिनट के लिए ढककर रेस्ट करने दें, ताकि आटा सेट हो जाए. समोसा बनाने के लिए बेस तैयार है, अब आपको स्टफिंग की तैयारी करनी है.
तैयार करें टेस्टी और न्यूट्रिशयस स्टफिंग
स्टफिंग के लिए आप अपनी पसंद की सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं जैसे शिमला मिर्च, गाजर, बीन्स, कॉर्न और उबले आलू. इन सब्जियों से टेस्ट तो मिलेगा ही साथ में न्यूट्रिशन भी मिलेगा. सभी सब्जियों को बारीक काट लें. स्टफिंग को तैयार करने के लिए एक कढ़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें हरी मिर्च डालें.
इसके बाद सभी सब्जियां डालकर उन्हें हल्का सा भून लें. इसमें काली मिर्च, चिली फ्लेक्स, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं. जब सब्जियां पक जाएं, तो ऊपर से हरा धनिया डालें और अगर चाहें तो आप थोड़ा केचअप भी मिला सकते हैं.
किस तरह तैयार करें समोसे
समोसा तैयार करने के लिए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेल लें. फिर इन्हें लंबी स्ट्रिप्स में काट लें. हर स्ट्रिप को ट्रायएंगल शेप में मोड़ते हुए उसमें स्टफिंग भरें और आटे के घोल से किनारों को चिपका दें. इसी तरह सारे समोसे तैयार कर लें.
बिना तेल के क्रिस्पी समोसे कैसे बनाएं
तैयार समोसों को एयर फ्रायर में रखें और 200 डिग्री पर 12-15 मिनट तक बेक करें. याद रखें कि आप उन्हें बीच-बीच में पलटते रहें ताकि समोसे हर तरफ से कुरकुरे बनें. जब इनका रंग सुनहरा भूरा हो जाए, तो समझ लीजिए आपके हेल्दी समोसे तैयार हैं.
अगर आप चाहें तो इन्हें हल्के तेल में भी तल सकते हैं, लेकिन एयर फ्रायर में बनाने से ये ज्यादा हेल्दी रहते हैं. इन समोसों को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें और बिना गिल्ट के स्वाद का आनंद लें.