scorecardresearch

3 दिन में तैयार होगा ये वाला आम का अचार, बिना धूप झटपट बन जाएगा, एक बार बनाएंगे सालों-साल खाएंगे

इस अचार की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसे धूप में रखने की जरूरत नहीं होती. तैयार मिश्रण को कांच के साफ जार में भरकर रख दें. करीब 3 दिन में यह अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है. बीच-बीच में इसे सूखे चम्मच से हल्का सा चलाते रहें, ताकि मसाले अच्छे से मिलते रहें.

Advertisement
Mango Pickle Mango Pickle
हाइलाइट्स
  • आम का अचार बनाने का तरीका

  • बिना धूप झटपट बन जाएगा

गर्मियों की शुरुआत होते ही मार्केट में कच्चे आम आने लगते हैं. आम का अचार तो हर घर में बनता है, लेकिन अगर आप कुछ नया और झटपट तैयार होने वाला अचार ट्राई करना चाहते हैं, तो एक बार आम-हींग का अचार बनाकर देखिए. इसका स्वाद इतना जबरदस्त होता है कि लोग आपके इसकी रेसिपी पूछते नहीं थकेंगे. खास बात यह है कि इस अचार को बनाने के लिए न तो लंबी धूप की जरूरत है और न ही ज्यादा झंझट. यह सिर्फ 3 दिन में तैयार हो जाता है.

-सही तरीके और संतुलित मसालों से बनाया गया यह अचार न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.

सही कैरी का चुनाव है पहला कदम

  • अचार का स्वाद काफी हद तक कच्चे आम यानी कैरी पर निर्भर करता है. हमेशा ताजी, सख्त और बिना दाग वाली कैरी चुनें. इन्हें अच्छे से धोकर सुखा लें और फिर छिलका उतार दें.

  • कैरी को लंबे-लंबे स्लाइस में काटें, जैसे फ्रेंच फ्राइज के लिए आलू काटते हैं. इस तरह कटे हुए टुकड़ों पर मसाला अच्छी तरह चिपकता है.

  • कटे हुए आम के टुकड़ों में हल्दी और नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब इन्हें कुछ घंटों के लिए हवा में रखें, ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए.

  • पहले 2 घंटे पंखे की हवा में और फिर 2 घंटे सामान्य तापमान पर रखने से आम का पानी बाहर आ जाता है. इसके बाद छलनी से सारा पानी निकाल लें. यह स्टेप अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाने में मदद करता है.

घर पर बनाएं फ्रेश अचारी मसाला

  • अचार का असली स्वाद उसके मसालों में छिपा होता है. इसके लिए जीरा, सौंफ, राई और मेथीदाना को धीमी आंच पर हल्का भून लें. जब इनसे खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें.

  • ठंडा होने पर इन मसालों को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. ताजे पिसे मसाले अचार का स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं.

  • अब आम के टुकड़ों में तैयार मसाला डालें. इसके साथ लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, सादा नमक और थोड़ी कलौंजी मिलाएं.

  • काला नमक अचार का स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन में भी मदद करता है. हींग के साथ इसका कॉम्बिनेशन इसे और भी हेल्दी बना देता है.

हींग का तड़का बनाएगा खास
अब सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म करें, जब तक उसमें से हल्का धुआं न निकलने लगे.

फिर गैस बंद करके तेल को थोड़ा ठंडा होने दें और उसमें भरपूर मात्रा में हींग डालें.

इस तड़के को आम के मिश्रण में डाल दें. ऊपर से थोड़ा कच्चा सरसों का तेल भी डाल सकते हैं, जिससे पारंपरिक स्वाद और बढ़ जाता है.

विनेगर का इस्तेमाल क्यों जरूरी?
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इसमें थोड़ा वाइट विनेगर मिला दें. यह एक नेचुरल प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है और अचार में फफूंद लगने से बचाता है.

साथ ही यह अचार की खटास को भी बरकरार रखता है, जिससे स्वाद लंबे समय तक बना रहता है.

3 दिन में तैयार, बिना धूप के झंझट
इस अचार की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसे धूप में रखने की जरूरत नहीं होती. तैयार मिश्रण को कांच के साफ जार में भरकर रख दें. करीब 3 दिन में यह अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है. बीच-बीच में इसे सूखे चम्मच से हल्का सा चलाते रहें, ताकि मसाले अच्छे से मिलते रहें.

ये भी पढ़ें