बचे हुए चावल से बनाएं ये चीला
बचे हुए चावल से बनाएं ये चीला
अक्सर घरों में रात का खाना बच जाने पर सबसे बड़ी समस्या होती है कि उसे अगले दिन कैसे इस्तेमाल किया जाए. खासकर चावल बच जाएं तो लोग या तो उन्हें ठंडा खा लेते हैं या फिर फेंक देते हैं. लेकिन अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है.
ऐसे बनाएं सुपरहेल्दी चावल का चीला
आप इन्हीं बचे हुए चावलों से एक बेहद स्वादिष्ट और सुपरहेल्दी चीला तैयार कर सकते हैं, जो बनाने में भी बेहद आसान है. यह रेसिपी इतनी टेस्टी है कि खाने वाले को यह अंदाजा भी नहीं होगा कि यह बचे हुए चावल से बनाई गई है. सबसे खास बात यह है कि यह चीला 10 मिनट से भी कम समय में तैयार हो जाता है.
बचे हुए चावल को दें नया ट्विस्ट
सबसे पहले बचे हुए चावल को मिक्सर जार में डालें और उसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार करें.
चावल के पेस्ट में अब थोड़ा सा बेसन और एक चम्मच सूजी मिलाएं. इससे चीले को अच्छी बाइंडिंग और हल्की कुरकुराहट मिलती है.
इसके बाद इसमें बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और कद्दूकस किया हुआ गाजर डालें. इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर बैटर को फेंट लें, ताकि इसमें एयर आ जाए और चीला हल्का बने.
अब इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा अजवाइन डालें. अजवाइन न सिर्फ स्वाद बढ़ाती है, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद होती है.
तवे पर बनाएं परफेक्ट चीला
अब एक नॉन-स्टिक या लोहे का तवा लें और उसे हल्का सा गर्म करें. तवे पर थोड़ा घी लगाकर ग्रीस करें और उस पर हल्के से पानी के छींटे मारें. इससे चीला चिपकेगा नहीं.
अब तैयार बैटर को तवे पर डालकर गोल आकार में फैला दें. इसे ढककर कुछ देर पकने दें. जब एक तरफ से चीला सुनहरा और करारा हो जाए, तो उस पर थोड़ा घी डालें और उसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी इसे अच्छे से सेक लें.
10 मिनट में तैयार हेल्दी नाश्ता
यह चीला बेहद कम समय में तैयार हो जाता है और इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि बच्चे और बड़े सभी इसे पसंद करते हैं. आप इसे हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ सर्व कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें