ककड़ी और पुदीने की चटनी
ककड़ी और पुदीने की चटनी
गर्मी आते ही कुछ ऐसा खाने का मन करता है, जो ठंडा हो और पेट को ठंडक पहुंचाए. ऐसे मौसम में बाजार में ठंडी सब्जियां और फल खूब मिलते हैं. इन्हीं सब्जियों में से आज हम आपको बनाना सिखाएंगे ककड़ी और पुदीने से बनने वाली ऐसी चटपटी चटनी, जिसको खा कर आपको मजा आ जाएगा और पेट, शरीर दोनों ठंडा रहेगा.
चटनी के फायदे
ककड़ी, गर्मियों का सुपर फूड माना जाता है. ककड़ी में पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है. वहीं इन दोनों से बनी चटनी पाचन तंत्र को बढ़िया रखती है और इनमें फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भर-भर के मिलता है. पुदीने का सेवन करने से मांसपेशियां मजबूत होती है. इन दोनों को साथ में खाने से गैस, पेट में सूजन और अपच से राहत मिलती है.
दाल-चावल, पराठा, रोटी या स्नैक्स, हर चीज के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है. पुदीना अपनी ठंडी तासीर के लिए जाना जाता है और ककड़ी शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करने में मदद करती है.
ककड़ी और पुदीने की चटनी बनाने का सामान
इस स्वादिष्ट चटनी को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में आसानी से मिलने वाली चीजों से आप इस चटनी को झटपट तैयार कर सकते हैं. अगर इसमें पुदीना और दही मिला दें, तो इसका कॉम्बिनेशन चटनी को और ज्यादा क्रीमी और ठंडक भरा बनाता है.
1 ककड़ी
1 कप ताजा पुदीने की पत्तियां
2 हरी मिर्च
2 से 3 लहसुन की कलियां
1 छोटा टुकड़ा अदरक
1 चम्मच भुना जीरा
नमक स्वादानुसार
1 चम्मच नींबू का रस
2 चम्मच दही
ककड़ी और पुदीना की चटनी बनाने का तरीका
सबसे पहले ककड़ी को अच्छे से धोकर छील लें और छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद पुदीने की पत्तियों को साफ पानी से धो लें ताकि मिट्टी या धूल न रहे.
अब मिक्सर जार में कटी हुई ककड़ी, पुदीना, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, भुना जीरा, नमक और नींबू का रस डालें. अगर आप क्रीमी स्वाद चाहते हैं तो इसमें 2 चम्मच दही भी डाल सकती हैं.
अब इसे अच्छी तरह पीस लें. जरूरत लगे तो 1 से 2 चम्मच ठंडा पानी डाल सकते हैं, लेकिन ज्यादा पानी न डालें ताकि चटनी गाढ़ी और स्वादिष्ट बने. कुछ लोग इसे और फ्रेश रखने के लिए ठंडे पानी या बर्फ के छोटे टुकड़े के साथ भी पीसते हैं.
किन चीजों के साथ लगेगी सबसे स्वादिष्ट
यह चटनी गर्मियों में खासकर दाल-चावल, आलू पराठा, सादा पराठा, पूरी और स्नैक्स के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसके अलावा आप इसे सैंडविच स्प्रेड की तरह भी इस्तेमाल कर सकती हैं.
अगर घर में मेहमान आए हों तो इसे पकोड़े या कटलेट के साथ सर्व करें. इसको खा कर वह रेसिपी पुछे बिना नहीं रह पाएंगे.
गर्मी में क्यों है बेस्ट
ककड़ी शरीर को हाइड्रेट रखती है और पुदीना पेट को ठंडक देता है. गर्मियों में अकसर भारी खाना खाने के बाद पेट में जलन या गर्मी महसूस होती है, ऐसे में यह चटनी राहत देने का काम करती है. इसे हफ्ते में दो से तीन बार घर पर बना सकते हैं. इसकी ठंडक लू लगने के खतरे को कम करने में मदद करती है.