scorecardresearch

Nahay-Khay Recipe: जानें छठ पर नहाय-खाय पर क्या-क्या बनता है? नोट कर लें रेसिपी

नहाय-खाय पर क्या बनता है ये तो हर बिहारी जानता है, लेकिन क्या आपको इसकी रेसिपी पता है? अगर आप भी पहली बार छठ महापर्व का व्रत कर रही हैं और नहाय-खाय पर बनने वाले प्रसाद की रेसिपी जानना चाहती हैं, तो इस रेसिपी को नोट कर सकती हैं.

Advertisement
नहाय-खाय प्रसाद की रेसिपी (AI MADE IMAGE) नहाय-खाय प्रसाद की रेसिपी (AI MADE IMAGE)

छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इस दिन व्रती स्नान करने के बाद साफ-सफाई और शुद्धता का खास ध्यान रखती हैं. घर में सात्विक भोजन बनाया जाता है और सबसे पहले व्रती इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करती हैं. नहाय-खाय के खाने में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल यानी बिना पॉलिश वाला चावल बनाया जाता है. जिसमें सेंधा नमक और घी का इस्तेमाल किया जाता है. इस भोजन का स्वाद बाकी दिनों के खाने से थोड़ा अलग और स्वादिष्ट होता है. अगर आप भी इस बार छठ पर नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करने जा रहे हैं, तो इन पारंपरिक रेसिपी को नोट कर सकती हैं.

कद्दू और चने की दाल की सब्जी
नहाय-खाय में कद्दू और चने की दाल को मिलाकर सब्जी बनाई जाती है. इसके लिए 500 ग्राम कद्दू, आधा कप चने की दाल, 2 बड़े चम्मच घी या तेल, जीरा, एक सूखी लाल मिर्च, हल्दी, सेंधा नमक और थोड़ा गरम मसाला लें. चाहें तो स्वाद के लिए हरी मिर्च भी डाल सकती हैं.

सबसे पहले चने की दाल को धोकर कुछ देर पानी में भिगो दें. अब कद्दू को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कुकर में घी या तेल गर्म करें और उसमें जीरा व सूखी लाल मिर्च डालें. इसके बाद हल्दी डालकर कद्दू और भीगी हुई चने की दाल मिला दें. इसमें सेंधा नमक और जरूरत के अनुसार पानी डालें. कुकर का ढक्कन लगाकर दाल और कद्दू के अच्छी तरह पकने तक पकाएं. जब दोनों नरम हो जाएं, तो कुकर खोलकर सब्जी को मिला लें. आखिर में थोड़ा गरम मसाला डालकर कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं. तैयार है नहाय-खाय के लिए कद्दू-चना दाल की सब्जी.

ऐसे पकाएं अरवा चावल
सबसे पहले चावल को दो-तीन बार साफ पानी से धो लें. अब भगोने में पानी गर्म करें. पानी में उबाल आने पर चावल डाल दें. इसे मध्यम आंच पर पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें. जब चावल के दाने अच्छी तरह पक जाएं, तो अतिरिक्त पानी निकाल दें. इसके बाद भगोने को ढककर कुछ मिनट छोड़ दें. इससे चावल अच्छी तरह पककर तैयार हो जाएंगे.

पकोड़े की रेसिपी
इसके अलावा कई घरों में नहाय-खाय के भोजन के साथ कद्दू, आलू और गोभी के पकौड़े भी बनाए जाते हैं. इन्हें बनाना काफी आसान है.

सबसे पहले कद्दू को छीलकर पतले टुकड़ों में काट लें. आलू को भी छीलकर गोल और पतले स्लाइस में काटें. गोभी को छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग कर लें और सब को अच्छी तरह धो लें. अब एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा डालें. इसमें अजवाइन, हल्दी और सेंधा नमक मिलाएं. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा.

इसके बाद कढ़ाही में घी या तेल गर्म करें. कद्दू के टुकड़ों को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोकर गर्म तेल में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. इसी तरह आलू के स्लाइस और गोभी के टुकड़ों को भी घोल में लपेटकर तल लें.

तीनों तरह के पकौड़े तैयार होने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें. इस तरह नहाय-खाय के भोजन के साथ परोसने के लिए कद्दू, आलू और गोभी के पकौड़े तैयार हो जाएंगे.
 

ये भी पढ़ें