scorecardresearch

Dosa Cooking Tips: डोसा तवा नहीं है? नॉर्मल पैन पर बनाएं बाजार जैसा क्रिस्पी डोसा, बस अपना लें ये आसान तरीके!

Dosa Cooking Tips: अगर आपके पास डोसा तवा नहीं है, तो कोई टेंशन लेने की जरूरत नहीं. आप अपने घर में मौजूद नॉर्मल पैन या आम तवे पर भी क्रिस्पी और परफेक्ट डोसा बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...

Advertisement
how to make crispy dosa how to make crispy dosa

बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई डोसा खाना पसंद करता है. हालांकि, कई लोग यह सोचकर घर पर डोसा बनाने से बचते हैं कि उनके पास स्पेशल डोसा तवा नहीं है और साधारण पैन या लोहे के तवे पर डोसा चिपक जाएगा. लेकिन सही तरीका अपनाकर आप घर में मौजूद नॉर्मल फ्राई पैन या रोज इस्तेमाल होने वाले लोहे के तवे पर भी आसानी से पतला, कुरकुरा और स्वादिष्ट डोसा बना सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ आसान टिप्स, जिनकी मदद से आपका डोसा हर बार परफेक्ट बनेगा.

नॉर्मल पैन को सही तरीके से करें तैयार
अगर आप साधारण फ्राई पैन या कड़ाही में डोसा बना रहे हैं, तो सबसे पहले उसे धीमी आंच पर हल्का गर्म करें. इसके बाद आधा चम्मच कुकिंग ऑयल डालें और टिश्यू पेपर या साफ सूती कपड़े से पूरे पैन पर अच्छी तरह फैला दें. अतिरिक्त तेल पोंछ देने से पैन की सतह चिकनी हो जाती है और डोसा चिपकने की संभावना कम हो जाती है.

लोहे के तवे पर अपनाएं प्याज वाला घरेलू नुस्खा
रोज रोटियां बनाने वाले लोहे के तवे पर डोसा बनाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. इसके लिए एक साबुत प्याज को बीच से काट लें. अब तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर कटे हुए प्याज को पूरी सतह पर अच्छी तरह रगड़ें. प्याज का रस और तेल मिलाकर तवे पर एक हल्की परत बना देते हैं, जिससे तवा नॉन-स्टिक की तरह काम करता है और डोसा आसानी से निकल जाता है.

तवे का तापमान रखें सही
डोसा खराब होने का सबसे बड़ा कारण जरूरत से ज्यादा गर्म तवा होता है. अगर तवा बहुत गर्म होगा, तो घोल फैलने के बजाय तुरंत चिपक जाएगा. हर नया डोसा बनाने से पहले तवे पर पानी की कुछ बूंदें छिड़कें और फिर कपड़े से पोंछ लें. इससे तवे का तापमान संतुलित हो जाएगा. अब धीमी आंच पर तवे के बीच में घोल डालकर गोलाई में फैलाएं.

क्रिस्पी डोसा बनाने का आसान तरीका
जब डोसा अच्छी तरह फैल जाए, तब गैस की आंच तेज कर दें. इससे डोसा सुनहरा और कुरकुरा बनेगा. ऊपर की सतह हल्की सूखने लगे, तब किनारों पर थोड़ा सा तेल, घी या बटर डालें. इससे डोसा नीचे से अच्छी तरह सिकेगा और अपने आप तवे के किनारे छोड़ने लगेगा. इन आसान टिप्स की मदद से आप बिना स्पेशल डोसा तवे के भी घर पर होटल जैसा क्रिस्पी और स्वादिष्ट डोसा बना सकते हैं.

ये भी पढ़ें: