scorecardresearch

पूड़ी तलते समय फूलती नहीं या तेल पी जाती है? ये आसान ट्रिक्स अपना लें, एकदम फूली-फूली बनेंगी

अगर आप भी चाहते हैं कि घर में बनी पूड़ी बाजार जैसी फूली हुई और कम तेल वाली बने, तो ये 5 आसान ट्रिक्स आजमा सकते हैं.

Advertisement
 Poori  (File Photo: ITG) Poori (File Photo: ITG)
हाइलाइट्स
  • आटा गूंथने से तलने तक अपनाएं ये 5 टिप्स

  • कड़ाही में एक साथ ज्यादा पूरी न डालें

घर में पूड़ी बनाना सुनने में जितना आसान लगता है, कई बार उतना होता नहीं है. कभी पूड़ी कड़ाही में डालते ही फूलने के बजाय पिचक जाती है तो कभी उसमें इतना तेल भर जाता है कि खाने का स्वाद बिगड़ जाता है. कई बार पूड़ी बाहर से सुनहरी दिखती है, लेकिन अंदर से कच्ची रह जाती है. ऐसे में लोग आटे में ज्यादा मोयन डालने या तेज आंच पर पूड़ी तलने जैसे तरीके अपनाते हैं. इसके बावजूद मनचाही पूड़ी नहीं बन पाती.

अगर आप भी चाहते हैं कि घर में बनी पूड़ी बाजार जैसी फूली हुई और कम तेल वाली बने, तो ये 5 आसान ट्रिक्स आजमा सकते हैं.

पूड़ी के लिए आटा न ज्यादा नरम रखें
पूड़ी बनाने के लिए आटा गूंथते समय पानी का सही इस्तेमाल करना जरूरी है. रोटी के मुकाबले पूड़ी का आटा थोड़ा सख्त गूंथा जाता है. अगर आटा बहुत नरम होगा तो पूड़ी बेलते समय ज्यादा सूखा आटा लगाना पड़ेगा. इससे तलते समय तेल गंदा हो सकता है और पूड़ी ज्यादा तेल भी सोख सकती है. वहीं, बहुत सख्त आटा होने पर पूड़ी ठीक से फूल नहीं पाएगी. इसलिए पानी थोड़ा-थोड़ा डालकर आटा गूंथें.

आटे में थोड़ा मोयन डालें
पूड़ी को कुरकुरा और अच्छी बनावट देने के लिए आटा गूंथते समय उसमें थोड़ा तेल या घी मिला सकते हैं. इसे मोयन कहा जाता है. करीब दो कप आटे में एक से डेढ़ चम्मच तेल या घी पर्याप्त हो सकता है. इसे आटे में अच्छी तरह मिलाने के बाद पानी डालकर गूंथें.

पूड़ी बेलते समय रखें मोटाई का ध्यान
कई बार पूड़ी इसलिए नहीं फूलती क्योंकि उसे कहीं से मोटा और कहीं से पतला बेल दिया जाता है. पूड़ी को न बहुत पतला बेलें और न बहुत मोटा. इसकी मोटाई हर तरफ एक जैसी होनी चाहिए. बेलते समय सूखे आटे की जगह हल्का तेल लगाकर बेलने की कोशिश करें. इससे पूड़ी की सतह पर सूखा आटा नहीं चिपकेगा और तलने के दौरान तेल भी कम गंदा होगा.

तेल का तापमान सही रखें
पूड़ी तलने के लिए तेल का सही तापमान सबसे जरूरी है. अगर तेल कम गर्म होगा तो पूड़ी उसमें ज्यादा देर रहेगी और अधिक तेल सोख सकती है. वहीं, बहुत ज्यादा गर्म तेल में पूड़ी बाहर से जल्दी भूरी हो जाएगी, लेकिन अंदर से ठीक से नहीं सिकेगी. तेल गर्म होने के बाद आंच मध्यम रखें. तेल का तापमान जांचने के लिए आटे का छोटा टुकड़ा डालें. अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आ जाए और उसके आसपास बुलबुले बनने लगें, तो तेल तलने के लिए तैयार है.

कड़ाही में एक साथ ज्यादा पूड़ी न डालें
जल्दबाजी में कई लोग एक साथ दो-तीन पूरियां कड़ाही में डाल देते हैं. इससे तेल का तापमान अचानक कम हो सकता है और पूरियां ठीक से नहीं फूलतीं. इसलिए कड़ाही के आकार के हिसाब से एक या दो पूड़ी ही तलें. पूड़ी डालने के बाद कलछी से हल्के हाथों से उसके ऊपर गर्म तेल डालें. इससे पूड़ी फूलने में मदद मिलती है. जब एक तरफ से सिक जाए तो पलटकर दूसरी तरफ भी सुनहरा होने तक तलें.

पूड़ी बनाते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
आटा गूंथने के बाद उसे बहुत देर तक खुला न छोड़ें. इससे उसकी ऊपरी परत सूख सकती है. पूरी बेलने के बाद भी उन्हें लंबे समय तक खुला न रखें. इसके अलावा, कड़ाही में तेल की मात्रा इतनी होनी चाहिए कि पूरी उसमें अच्छी तरह डूब सके.

ये भी पढ़ें: