scorecardresearch

5 रुपए के रस्क के साथ बनाएं मलाईदार रबड़ी कुल्फी, स्वाद ऐसा की बाजार वाली भी फेल

बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम जहां एक तरफ महंगी होती है, वहीं उसमें मौजूद आर्टिफिशियल फ्लेवर और कलर सेहत के लिए ठीक नहीं होते.

Rusk Rabdi Kulfi Recipe Rusk Rabdi Kulfi Recipe

गर्मियों का मौसम आते ही ठंडी-ठंडी आइसक्रीम या कुल्फी खाने की क्रेविंग अपने आप बढ़ जाती है. चाहे बच्चे हों या बड़े, हर किसी को खाने के बाद कुछ मीठा और ठंडा जरूर चाहिए होता है. बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम जहां एक तरफ महंगी होती है, वहीं उसमें मौजूद आर्टिफिशियल फ्लेवर और कलर सेहत के लिए ठीक नहीं होते. ऐसे में घर पर बनी कुल्फी न सिर्फ एक हेल्दी ऑप्शन है, बल्कि स्वाद में भी किसी से कम नहीं होती. खास बात यह है कि अगर आपके पास दूध और कुछ रस्क हैं, तो आप बेहद आसानी से गाढ़ी और मलाईदार कुल्फी तैयार कर सकते हैं, जिसका स्वाद आपको पुराने दिनों की ठेले वाली कुल्फी की याद दिला देगा.

कम इंग्रीडिएंट्स के साथ रिच कुल्फी
इस कुल्फी को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है. एक लीटर फुल क्रीम दूध, 7–8 रस्क, थोड़े से काजू, आधा कप गुड़, इलायची पाउडर और 2–3 चम्मच ताजी मलाई से आप घर पर ही शानदार कुल्फी बना सकते हैं. ये सभी सामग्री मिलकर कुल्फी को न सिर्फ गाढ़ापन देती हैं बल्कि इसका स्वाद भी बेहद लाजवाब बना देती हैं.

कैसे तैयार करें रबड़ी जैसा बेस
सबसे पहले फुल क्रीम दूध को गैस पर उबालने रखें और उसमें कम से कम दो बार उबाल आने दें. इसके बाद उबलते दूध में रस्क डाल दें और उन्हें नरम होने दें. रस्क दूध को गाढ़ा बनाने में मदद करते हैं और कुल्फी को एक अलग टेक्सचर देते हैं. इसी दौरान इसमें काजू भी डाल दें, जिससे कुल्फी का स्वाद और रिच हो जाता है. अब मीडियम फ्लेम पर इस मिक्सचर को तब तक पकाएं जब तक यह रबड़ी जैसा गाढ़ा न हो जाए. इसके बाद गैस बंद करके इसे थोड़ा ठंडा होने दें.

स्वाद और खुशबू का परफेक्ट बैलेंस
जब मिक्सचर हल्का ठंडा हो जाए, तब इसमें स्वादानुसार गुड़ या चीनी मिलाएं. साथ ही इलायची पाउडर डालकर इसकी खुशबू को और बढ़ाएं. सभी चीजों को अच्छे से मिलाने के बाद इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में ठंडा होने रखें, ताकि मिक्सचर सेट होने के लिए तैयार हो जाए.

फ्रीजर में जमाकर पाएं परफेक्ट टेक्सचर
अब इस मिक्सचर को मिक्सर में डालकर उसमें ताजी मलाई मिलाएं और एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद इसे कुल्फी मोल्ड या छोटे कप में डालकर ढक दें और 7–8 घंटे या रातभर के लिए फ्रीजर में जमने के लिए रख दें. जब कुल्फी पूरी तरह सेट हो जाए, तो मोल्ड को हल्के गुनगुने पानी में डिप करके आसानी से निकाल लें.

घर पर बनी यह मलाईदार कुल्फी न सिर्फ स्वाद में शानदार होती है, बल्कि हर बाइट में आपको ठंडक और सुकून का एहसास भी देती है.