kitchen tips and tricks
kitchen tips and tricks
भारतीय रसोई में आलू का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होने वाली सब्जियों में किया जाता है. समोसे, पराठे, टिक्की, दम आलू और कई दूसरी स्वादिष्ट डिश बनाने के लिए सबसे पहले आलू उबालने पड़ते हैं. लेकिन उबले हुए गरम आलू को छीलना अक्सर सबसे मुश्किल काम होता है.
जल्दबाजी में आलू छीलते समय उंगलियां जल जाती हैं, जबकि ठंडा होने का इंतजार करने पर काफी समय बर्बाद होता है. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो अब एक आसान घरेलू ट्रिक आपकी मदद कर सकती है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस ट्रिक की मदद से बिना हाथ जलाए कुछ ही सेकंड में गरम आलू का छिलका अलग किया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
क्या है ये आसान ट्रिक
आमतौर पर लोग उबले हुए आलू को थोड़ा ठंडा होने देते हैं और फिर हाथ, नाखून या चाकू की मदद से एक-एक करके छिलका उतारते हैं. लेकिन इस नए तरीके में आलू को हाथ से पकड़ने की जरूरत ही नहीं पड़ती. इसके लिए सिर्फ एक स्टील का झारा और छोटा स्टील का गिलास या कटोरी चाहिए, जो लगभग हर रसोई में आसानी से मिल जाते हैं.
इस तरह करें इस्तेमाल
सबसे पहले कुकर से निकले गरम आलुओं को एक प्लेट में रखें. इसके बाद चाकू की मदद से सभी आलुओं को बीच से दो बराबर हिस्सों में काट लें. आलू को आधा काटना इस ट्रिक का सबसे जरूरी हिस्सा है. अब पूरी या पकौड़े तलने वाला स्टील का बड़ा झारा किसी गहरे बर्तन या थाली के ऊपर टिका कर रखें. इसके बाद आधे कटे हुए आलू को झारे पर इस तरह रखें कि उसका कटा हुआ हिस्सा नीचे की ओर रहे और छिलके वाला भाग ऊपर की तरफ हो.
सेकंडों में अलग हो जाएगा छिलका
अब एक समतल तल वाला छोटा स्टील का गिलास या कटोरी लें और उसके निचले हिस्से से आलू को हल्के दबाव के साथ नीचे की ओर दबाएं. ऐसा करते ही उबला हुआ आलू झारे के छेदों से निकलकर नीचे रखी थाली में गिर जाएगा, जबकि पूरा छिलका झारे के ऊपर ही रह जाएगा. इस तरीके से बिना हाथ जलाए और बिना ज्यादा मेहनत किए एक साथ कई आलू आसानी से छीले जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: