How To Save Wooden Door
How To Save Wooden Door
घर के बाथरूम में लगे लकड़ी के दरवाजे कुछ समय बाद खराब होने लगते हैं. लगातार पानी, भाप और नमी के संपर्क में रहने की वजह से लकड़ी धीरे-धीरे फूलने, गलने और सड़ने लगती है. कई बार दरवाजे के नीचे का हिस्सा सबसे पहले खराब होता है, जिससे पूरे बाथरूम का लुक भी खराब दिखाई देने लगता है. ऐसे में लोग नया दरवाजा लगवाने के बारे में सोचते हैं, लेकिन इसमें काफी खर्च आ सकता है. अगर समय रहते सही देखभाल की जाए, तो लकड़ी के दरवाजे को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
बाथरूम में हर समय नमी बनी रहती है. लकड़ी पानी को जल्दी सोख लेती है, जिससे वह अंदर से कमजोर होने लगती है. अगर दरवाजे पर सही वॉटरप्रूफ कोटिंग न हो, तो पानी तेजी से लकड़ी के अंदर पहुंच जाता है. इससे सीलन, फफूंदी और दीमक जैसी समस्याएं भी शुरू हो सकती हैं.
वॉटरप्रूफ पॉलिश से बढ़ेगी सुरक्षा
लकड़ी के दरवाजे को खराब होने से बचाने के लिए समय-समय पर उस पर वॉटरप्रूफ पॉलिश, वार्निश या सीलेंट करवाना जरूरी माना जाता है. यह लकड़ी के ऊपर एक सुरक्षा परत बना देता है, जिससे पानी सीधे अंदर नहीं जा पाता. खासकर दरवाजे के निचले हिस्से और किनारों पर अतिरिक्त कोटिंग करवाना ज्यादा फायदेमंद रहता है, क्योंकि वहीं सबसे ज्यादा पानी लगता है.
विनाइल फिल्म या PVC स्टिकर अच्छा विकल्प
आजकल कई लोग बाथरूम के लकड़ी के दरवाजों पर वाटरप्रूफ विनाइल फिल्म या PVC स्टिकर लगवा रहे हैं. यह दरवाजे को पानी और भाप से बचाने का आसान तरीका माना जाता है. इससे लकड़ी जल्दी खराब नहीं होती और दरवाजे को मॉडर्न लुक भी मिल जाता है. बाजार में कई डिजाइन और फिनिश वाले स्टिकर आसानी से मिल जाते हैं.
एल्युमीनियम पट्टी लगवाना रहेगा फायदेमंद
दरवाजे का सबसे निचला हिस्सा हमेशा गीले फर्श और पानी के संपर्क में रहता है. यही कारण है कि वहीं से लकड़ी सड़ना शुरू होती है. ऐसे में दरवाजे के नीचे एल्युमीनियम या स्टेनलेस स्टील की पट्टी लगवाना काफी असरदार तरीका माना जाता है. यह लकड़ी और पानी के बीच सुरक्षा कवच की तरह काम करती है.