scorecardresearch

बारिश में भी हफ्तों तक धनिया रहेगा ताजा, अपनाएं ये 6 आसान स्टोरेज टिप्स

बारिश के मौसम में धनिया को स्टोर करते समय सबसे ज्यादा ध्यान नमी पर देना चाहिए. सही तरीके से स्टोर करने पर धनिया लंबे समय तक हरा और ताजा बना रह सकता है. इससे उसका स्वाद, खुशबू और ताजगी भी बरकरार रहती है.

Advertisement
Dhaniya Dhaniya

बारिश के मौसम में हरा धनिया जल्दी खराब होना घरों में आम समस्या है. ज्यादा नमी के कारण धनिया की पत्तियां कुछ ही दिनों में पीली पड़ने लगती हैं और गल जाती हैं. ऐसे में बार-बार बाजार से धनिया खरीदने की जरूरत न पड़े, इसके लिए इसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है. कुछ आसान तरीकों की मदद से आप धनिया को कई दिनों तक हरा और ताजा रख सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...

धनिया को धोकर न रखें
बाजार से धनिया लाने के तुरंत बाद उसे धोकर फ्रिज में रखने से बचें. पत्तियों पर मौजूद पानी और नमी के कारण धनिया जल्दी खराब हो सकता है. सबसे पहले खराब और पीली पत्तियों को अलग करें और धनिया को बिना धोए स्टोर करें. इस्तेमाल करने से ठीक पहले ही इसे अच्छी तरह धोएं.

टिश्यू पेपर का करें इस्तेमाल
धनिया को ताजा रखने के लिए टिश्यू पेपर काफी उपयोगी है. धनिया को साफ करके अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद एक एयरटाइट कंटेनर में नीचे और ऊपर टिश्यू पेपर लगाकर धनिया रखें. टिश्यू अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे पत्तियां जल्दी गलती नहीं हैं.

कांच के जार में रखें
धनिया को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए कांच का जार भी अच्छा विकल्प है. सबसे पहले धनिया की डंडियों को थोड़ा काट लें. जार में थोड़ा पानी भरकर धनिया को फूलों की तरह खड़ा कर दें. इसके ऊपर एक ढीला प्लास्टिक बैग लगाकर जार को फ्रिज में रखें. इस तरीके से धनिया करीब एक सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक ताजा रह सकता है.

एयरटाइट कंटेनर में करें स्टोर
अगर आपके पास एयरटाइट कंटेनर है तो धनिया को उसमें आसानी से रखा जा सकता है. धनिया को पहले अच्छी तरह सुखा लें और फिर कंटेनर में रखें. ध्यान रखें कि कंटेनर के अंदर ज्यादा नमी न हो. इसे फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रखना बेहतर रहता है.

कई हफ्तों के लिए करें फ्रीज
अगर धनिया को लंबे समय तक सुरक्षित रखना है तो इसे फ्रीज किया जा सकता है. धनिया को बारीक काटकर आइस ट्रे में भरें और उसमें थोड़ा पानी डालकर जमा दें. क्यूब्स जमने के बाद उन्हें फ्रीजर बैग में रख लें. जरूरत पड़ने पर इन क्यूब्स को सीधे दाल या सब्जी में इस्तेमाल किया जा सकता है.

धनिया का पेस्ट बनाकर रखें
धनिया की पत्तियों को पीसकर उसमें थोड़ा नमक और तेल मिलाएं. इस पेस्ट को छोटे एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख दें. जरूरत पड़ने पर इसे सीधे खाने में इस्तेमाल किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: