Banana Peel For Hair Health
Banana Peel For Hair Health
केला सेहत के लिए कितना फायदेमंद होता है इस बात को तो लगभग हर कोई जानता होगा. केवल फल ही नहीं बल्कि इसका छिलका जिसे बेकार समझकर फेंक दिया जाता है, वह भी फायदे का सौदा है. केले का छिलका बालों के लिए काफी फायदेमंद होता है. छिलके में मौजूद पोटैशियम, एंटीऑक्सीडेंट और नेचुरल ऑयल बालों को पोषण देकर उन्हें मजबूत, मुलायम और चमकदार बनाते हैं. अगर आप अपने बालों की धीमी ग्रोथ से परेशान हैं, तो ये घरेलू उपाय आपके लिए कारगर साबित हो सकता है.
ऐसे तैयार करें बालों के लिए मास्क
इस आसान हेयर मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले केले के छिलके लें और उन्हें ओवन या माइक्रोवेव में 210 डिग्री पर लगभग 20 मिनट तक सुखाएं. जब छिलके पूरी तरह सूख जाएं और आसानी से टूटने लगें, तो उन्हें मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. अब इस पाउडर को छान लें ताकि मोटे दाने अलग हो जाएं.
इसके बाद एक कटोरी में यह पाउडर डालें और उसमें एक कटोरी दही और 1-2 चम्मच शहद मिलाएं. जिसके बाद सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. आपका नेचुरल हेयर मास्क तैयार है.
हेयर मास्क लगाने का तरीका
हेयर मास्क लगाने से पहले बालों को हल्का गीला कर लें. अब इस मास्क को बालों की जड़ों से लेकर लंबाई तक अच्छे से लगाएं. इसके बाद बालों को हेयर कैप से कवर करें और करीब 20 मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें. अच्छे रिजल्ट पाने के लिए इस मास्क का इस्तेमाल सप्ताह में एक बार करें.
रेगुलर इस्तेमाल से मिलेंगे ये फायदे
केले के छिलके से बना यह हेयर मास्क बालों को कई तरह से फायदा पहुंचाता है. यह बालों को गहराई से पोषण देकर उन्हें सिल्की और शाइनी बनाता है. तो वहीं दही बालों को नमी देती है, जिससे ड्रायनेस कम होती है. साथ ही, यह जड़ों को मजबूत बनाकर हेयर फॉल को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा, यह स्कैल्प को साफ रखता है और खुजली जैसी परेशानी से राहत देता है.