रिपोर्ट लिखाता मासूम बच्चा
रिपोर्ट लिखाता मासूम बच्चा
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में 3 साल के एक बच्चे की मासूमियत का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्चा पुलिस स्टेशन जाकर उसकी मां की शिकायत कर रहा है क्योंकि वह उसे चॉकलेट नहीं खाने देती.
चॉकलेट नहीं खाने देती
यह क्यूट सा वीडियो बुरहानपुर जिले के डेढ़तलाई गांव का है. यहां एक 3 साल का मासूम अपने पिता के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस वालों से बोला कि उसकी मम्मी को जेल में डाल दो. थाने पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी जब बच्चे से इसकी वजह पूछती है तो वह बोलता है कि उसकी मम्मी चॉकलेट चुरा लेती है और मुझे मारा भी है. मासूम की बातें सुनकर थाने में मौजूद स्टाफ भी ठहाके लगाने लगा क्योंकि आज से पहले उनके पास कभी भी ऐसी शिकायत नहीं आई थी.
लड़के के पिता का कहना है कि इसकी अम्मी इसे नहलाने के बाद काजल लगा रही थी लेकिन इस दौरान बेटा चॉकलेट खाने की जिद करने लगा और मां ने उसे हल्का सा चांटा मार दिया तो बच्चा रोने लगा और जिद पकड़ ली कि मम्मी की शिकायत करने पुलिस के पास चलो इसलिए मैं उसे यहां ले आया.इस मामले में सब-इंस्पेक्टर प्रियंका नायक ने बताया कि बच्चे की शिकायत सुनकर सभी को हंसी आ गई. झूठमूठ की शिकायत लेने का बहाना मारते हुए मैंने बच्चे को समझाया और फिर वह घर चला गया.
(रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट)