Ways to Ripen Mangoes
Ways to Ripen Mangoes
गर्मी शुरू होते ही फलों के राजा आम का भी सीजन शुरू हो गया है. आम खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं और सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं. इस समय बाजार में अधिकतर आम केमिकल से पके बिक रहे हैं. आम को पकाने के लिए कैल्सियम कार्बाइड और सोडावाटर गैस का इस्तेमाल किया जा रहा है.
केमिकल से आम तो जल्दी पक जाते हैं लेकिन ये आम हमारी सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक होते हैं. आज हम आपको बिना केमिकल के घर पर आम को पकाने के देसी तरीके बता रहे हैं. यूपी और बिहार के गांव लोग आम को पकाने के लिए इन तरीकों को अपनाते हैं. प्राकृतिक तरीके से पकाए आम खाने में मीठे और स्वादिष्ट होते हैं. इनको खाने से सेहत को भी नुकसान नहीं होता है.
आम पकाने के देसी तरीके
1. भूसे या चावल में गाड़कर आम को पकाएं: आप आम को बिना केमिकल के पकाने के लिए भूसे या चावल का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको एक डिब्बा लेना होगा. डिब्बे को अच्छी तरह से सुखा लें. इसके बाद इसमें कच्चे आम को रख दें. फिर ऊपर से धान का भूसा या चावल भर दें. बस इस बात का ध्यान रखें कि आम पूरी तरह चावल या भूसे में ढंक जाए. आपको मालूम हो कि भूसा और चावल गर्माहट बनाए रखते हैं इससे कच्चे आम दो से चार दिनों में पक जाते हैं. इस तरीके से पके आमों को खाने पर इनका स्वाद कदम नेचुरल रहता है.
2. केले के साथ रखें आम: आम को पकाने के लिए आप इसे केले के साथ रख सकते हैं. केला एथिलीन गैस छोड़ता है और यही गैस आम को प्राकृतिक रूप से पकाती है. कच्चे आम और दो-तीन पके केले को कागज के थैले या टोकरी में एक साथ रख दें. इसके बाद थैले का मुंह बंद कर दें. दो से तीन दिनों में आम पक जाएगा.
3. अखबार में लपेटकर रखें आम: यूपी-बिहार के अधिकांश लोग आम को पकाने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं. कच्चे आम को अखबार में लपेटकर सूखी और गर्म जगह पर रख दें. पेपर नमी संभालता है और आम की गैस को बाहर नहीं जाने देता. इससे आम एक साथ अच्छी तरह से पकता है. आम का छिलका भी खराब नहीं होता है.
4. धान या चावल की कोठी में रखें आम: यूपी और बिहार के गांव के लोग आम को पकाने के लिए इसे धान या चावल की कोठी में रखते हैं. इस कोठी में कच्चे आम को दबा दिया जाता है. धान की गर्मी और आम की एथिलीन गैस मिलकर आम को तेजी से पकाने का काम करती है. इस तरीके से आम पकने पर आम बेहद मीठा होता है.
5. कमरे के तापमान में छोड़ दें: आम को जल्दी पकाने के लिए आप आम को टोकरी में रखकर कमरे के तापमान में ही छोड़ दें. कमरे की गर्मी में आम धीरे-धीरे पकता है और एकदम पेड़ पर पके आम जैसा स्वाद होता है.