scorecardresearch

डॉक्टर दुल्हन! जश्न के बीच बिगड़ गई 2 महिलाओं की तबीयत, शादी के जोड़े में दुल्हन ने किया इलाज

केरल के कन्नूर में एक नई-नवेली दुल्हन ने शादी समारोह के बीच अपना कर्तव्य निभाया. समारोह में कैटरिंग टीम की 2 महिलाओं की तबीयत खराब हो गई. फौरन दुल्हन डॉ. ने महिलाओं को फर्स्ट एड दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग डॉ. दुल्हन की खूब तारीफ कर रहे हैं.

Advertisement
bride bride

केरल के कन्नूर में एक नई-नवेली दुल्हन ने अपनी शादी का जश्न बीच में ही रोक दिया और इंसानियत और कर्तव्य की मिसाल पेश की. शादी की रस्मों के दौरान कैटरिंग टीम के 2 महिला कर्मचारियों की अचानक तबीयत खराब हो गई. डॉक्टर दुल्हन फौरन एक्शन में आई और उनकी मदद के लिए चल पड़ी. शादी के जोड़े में डॉक्टर ने अपना कर्तव्य निभाया और उनका प्राथमिक इलाज किया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शादी समारोह में बिगड़ी 2 महिलाओं की तबीयत-
शादी समारोह के दौरान कैटरिंग टीम की एक महिला के नाक से खून बहने लगा. जबकि दूसरी महिला को चक्कर आने लगा. उनको बेहोशी जैसा महसूस होने लगा. शादी में मौजूद हर किसी को इसकी जानकारी हुई. इस दौरान दुल्हन को भी इसकी जानकारी हुई तो वो शादी की रस्म छोड़कर अपना कर्तव्य निभाने चली गई. डॉ. शिरीन ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक इलाज किया.

डॉ. दुल्हन ने कैसा किया इलाज?
नाक से खून बहने वाली महिला को डॉ. शिरीन ने झुकने की सलाह दी. इसके साथ ही नाक के मुलायम हिस्से को 10 से 15 मिनट तक मजबूती से दबाने की भी सलाह दी. वहीं, चक्कर महसूस कर रही दूसरी महिला को लिटाकर उसके पैर ऊपर उठाए गए.

जो करना चाहिए था, वो किया- शिरीन
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक शिरीन ने एक टीवी चैनल से कहा कि सबको पता था कि मैं डॉक्टर हूं, इसलिए किसी ने मुझे आकर उन्हें देखने के लिए कहा. जब मैंने स्थिति देखी तो वही किया, जो करना चाहिए था.

डॉ. रिजाज से हो रही थी शादी-
डॉ. शिरीन ओट्टापलम के वल्लुवनाड अस्पताल में इमरजेंसी मेडिसिन में एमडी के प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं. उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ने तक उन्हें बुनियादी प्राथमिक इलाज दिया गया. इस नई-नवेली दुल्हन का नाम डॉ. शिरीन सुबैर है. डॉ. शिरीन कन्नूर के पानूर की रहने वाली हैं. उनकी शादी डॉ. रिजाज से हो रही थी.

शिरीन के पति डॉ. रिजाज भी मेडिकल क्षेत्र से जुड़े हैं और आंध्र प्रदेश में ऑर्थोपेडिक्स में पोस्टग्रेजुएशन कर रहे हैं. रिजाज ने कहा कि इमरजेंसी मेडिसिन से जुड़े डॉक्टर ऐसी परिस्थितियों में आमतौर पर तेजी से प्रतिक्रिया देते हैं.

डॉ. शिरीन का वीडियो सोशल मीडिया पर  खूब वायरल हो रहा है. डॉ. शिरीन की जमकर तारीफ हो रही है.

ये भी पढ़ें: