scorecardresearch

Kitchen Hack: किचन सिंक की नाली जाम होने पर न बुलाएं प्लंबर, पहले आजमाएं ये आसान तरीका

किचन की सिंक में कई बार गंदा पानी जमा हो जाता है. जिसके चलते लोग बर्तन साफ नहीं कर पाते हैं. ऐसे में लोग सोचते हैं कि इस परेशानी को तो प्लंबर ही दूर कर सकेगा. लेकिन कुछ तरीकों से आप भी इस परेशानी को दूर कर सकते हैं.

Advertisement
Water Clogged Kitchen Sink Water Clogged Kitchen Sink

किचन सिंक की नाली का जाम होना एक आम बात है, लेकिन यह आम बात लोगों के लिए एक परेशानी से कम नहीं. सोचें अगर बर्तन धोते समय अगर पानी धीरे सिंक से नहीं निकल रहा, सिंक में पानी जमा हो रहा है जिसमें से बदबू आने लगी है, तो ये एक बड़ी समस्या हो जाती है. इसके पीछे की वजह नाली में फंसे खाने के टुकड़े, तेल और चिकनाई हो सकती है. ऐसे में तुरंत प्लंबर बुलाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ आसान घरेलू तरीकों से इस परेशानी को दूर किया जा सकता है.

गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड का जादू

अगर सिंक की नाली में तेल या चिकनाई जमा होने की वजह से पानी धीरे निकल रहा है, तो सबसे पहले सिंक में जमा पानी निकाल दें. इसके बाद नाली में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड डालकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. अब धीरे-धीरे गर्म पानी नाली में डालें. इससे जमा तेल और चिकनाई ढीली होने में मदद मिल सकती है. लेकिन ये याद रखें कि बहुत ज्यादा गर्म या उबलता हुआ पानी न डालें, क्योंकि इससे कुछ तरह के पाइप खराब हो सकते हैं.

प्लंजर से भी खोली जा सकती है जाम हुई नाली

अगर गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड से समस्या दूर नहीं होती है, तो सिंक प्लंजर का इस्तेमाल कर सकते हैं. सिंक में इतना पानी रखें कि प्लंजर का रबर वाला हिस्सा पानी में डूब जाए. इसके बाद इसे नाली के मुंह पर अच्छी तरह लगाकर कई बार ऊपर-नीचे दबाएं. इससे पाइप के अंदर प्रेशर बनेगा और जमा कचरा ढीला हो सकता है. अगर सिंक में दो नालियां हैं, तो दूसरी नाली को बंद करके प्लंजर चलाना ज्यादा असरदार हो सकता है.

अगली बार रखें इन बातों का ध्यान

नाली को बार-बार जाम होने से बचाने के लिए बर्तन धोने से पहले प्लेट में बचे खाने के टुकड़े कूड़ेदान में डाल दें. तेल, घी और ज्यादा चिकनाई को सीधे सिंक में न डालें. नाली के ऊपर छोटी जाली या स्ट्रेनर लगाने से खाने के टुकड़े पाइप में जाने से रुक सकते हैं.

कब प्लंबर को बुलाना है बेहतर?

अगर इन उपायों के बाद भी पानी नहीं निकल रहा है, पानी बार-बार वापस आ रहा है, तेज बदबू बनी हुई है या पाइप से पानी लीक हो रहा है, तो खुद पाइप खोलने की कोशिश न करें. ऐसी स्थिति में किसी प्लंबर की मदद लेना बेहतर और सेफ होता है.