scorecardresearch

Arbi Leaf Curry Recipe: स्वाद और न्यूट्रिशन का डबल डोज़.. लोग कहते हैं इसे 'वेज फिश करी'.. जानें बनाने का पूरी रेसिपी

काफी पहले से ही अरबी के पत्तों का इस्तेमाल कई डिश में किया जाता रहा है, लेकिन अब इन्हें एक ऐसे अंदाज में तैयार किया जा रहा है जो देखने और खाने में मछली जैसा अनुभव देता है.

Arbi Leaf Curry Recipe Arbi Leaf Curry Recipe

इंडियन किचन में हमेशा से कुछ न कुछ नया बनता आ रहा है, जो लोगों के मन में अपनी जगह बना लेता है. लोग हर सब्जी के साथ कुछ ऐसा एक्सपेरिमेंट कर डालते हैं कि वह डिश ऊंगलियां चाटने पर मजबूर कर देती है. ऐसी ही एक डिश बनती है अरबी के पत्तों के साथ. कई लोग तो इसे वेज फिश करी कहने लगे हैं. काफी पहले से ही अरबी के पत्तों का इस्तेमाल कई डिश में किया जाता रहा है, लेकिन अब इन्हें एक ऐसे अंदाज में तैयार किया जा रहा है जो देखने और खाने में मछली जैसा अनुभव देता है. खासकर शाकाहारी लोगों के लिए यह डिश एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है, जो बिना मांसाहार के भी वही स्वाद देती है.

अरबी के पत्तों से ‘फिश’ जैसा टेक्सचर
इस खास रेसिपी की शुरुआत ताजे और बड़े अरबी के पत्तों को अच्छी तरह साफ करने से होती है. पत्तों की मोटी डंठल को सावधानी से हटाया जाता है ताकि उन्हें आसानी से मोड़ा जा सके। इसके बाद बेसन का गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है, जिसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और थोड़ा सा तेल मिलाया जाता है. इस मसालेदार मिक्सचर को पत्तों की परतों पर लगाकर उन्हें रोल किया जाता है.

तैयार रोल्स को या तो भाप में पकाया जाता है या फिर तेल में हल्का कुरकुरा होने तक तला जाता है. बाद में इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है, तो उनकी परतदार बनावट बिल्कुल मछली के टुकड़ों जैसी लगती है. यही वजह है कि इसे वेज फिश कहा जाता है.

मसालेदार ग्रेवी में है असली स्वाद
इस डिश का असली स्वाद इसकी गाढ़ी और मसालेदार ग्रेवी होती है. इसे तैयार करने के लिए कड़ाही में तेल गरम करके जीरा, बड़ी इलायची और दालचीनी का तड़का लगाया जाता है. इसके बाद बारीक कटा प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूना जाता है. जब इसमें टमाटर की प्यूरी और मसाले मिलाकर पकाया जाता है, तो एक गाढ़ा और खुशबूदार मसाला तैयार होता है.

बाद में इस ग्रेवी में तले हुए अरबी के पत्तों के टुकड़े डाले जाते हैं, तो वे मसालों का पूरा स्वाद सोख लेते हैं. जिससे एक ऐसी डिश तैयार होती है, जो स्वाद, खुशबू और टेक्सचर में किसी भी नॉन-वेज फिश करी को टक्कर देती है.

सेहत और स्वाद का कॉम्बो
अरबी के पत्तों से बनी यह डिश सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है. इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर और विटामिन पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं और शरीर को पोषण देते हैं. आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया से सजाकर इस डिश को चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है.