Representative Image
Representative Image
हर कोई चाहता है कि उसके बाल खूबसूरत, मुलायम और हेल्दी दिखें. लेकिन बालों की देखभाल सिर्फ तेल लगाने या महंगे प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं है. सही हेयर वॉश टेक्नीक अपनाना भी उतना ही जरूरी है. अक्सर लोग जल्दबाजी में बाल धो लेते हैं, जिससे बालों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. अगर आप कुछ आसान लेकिन असरदार तरीकों को अपने रूटीन में शामिल कर लें, तो बाल लंबे समय तक मजबूत और चमकदार बने रह सकते हैं.
बाल धोने से पहले उन्हें अच्छी तरह कंघी कर लेना बेहद जरूरी है. इससे बालों की गांठें खुल जाती हैं और गीले बाल धोते समय टूटने की संभावना कम हो जाती है. सूखे बालों को हल्के हाथों से सुलझाना हमेशा बेहतर माना जाता है.
कैसा हो शैम्पू और पानी
बहुत ज्यादा गर्म पानी बालों की नमी छीन सकता है, जबकि ठंडा पानी गंदगी को पूरी तरह साफ नहीं कर पाता. गुनगुना पानी स्कैल्प के पोर्स खोलने में मदद करता है, जिससे शैम्पू बेहतर तरीके से काम करता है और बाल साफ रहते हैं. हर किसी का स्कैल्प अलग होता है, इसलिए शैम्पू का चुनाव भी उसी के अनुसार होना चाहिए. ऑयली स्कैल्प के लिए डीप-क्लीनिंग शैम्पू और ड्राई स्कैल्प के लिए हाइड्रेटिंग शैम्पू बेहतर रहता है. कोशिश करें कि सल्फेट-फ्री शैम्पू का इस्तेमाल करें, ताकि बालों की नैचुरल नमी बरकरार रहे.
कैसे लगाएं शैम्पू
शैम्पू को सीधे स्कैल्प पर डालने के बजाय पहले हाथ में लेकर हल्का झाग बना लें. इसके बाद उसे स्कैल्प पर लगाएं. इससे शैम्पू समान रूप से फैलता है और बालों को अनावश्यक नुकसान नहीं पहुंचता. शैम्पू लगाते समय उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करें. यह प्रक्रिया ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाती है और बालों की ग्रोथ में मदद करती है. ध्यान रखें कि नाखूनों का इस्तेमाल न करें.
कैसे करें स्कैल्प की सफाई
शैम्पू मुख्य रूप से स्कैल्प की सफाई के लिए होता है. जब आप स्कैल्प को साफ करते हैं, तो झाग अपने आप बालों की लंबाई तक पहुंच जाता है. सिरों पर ज्यादा शैम्पू लगाने से वे रूखे और दोमुंहे हो सकते हैं. कंडीशनर हमेशा बालों की लंबाई और सिरों पर लगाएं. स्कैल्प पर कंडीशनर लगाने से चिपचिपापन बढ़ सकता है और हेयर फॉल की समस्या भी हो सकती है.
गीले बाल सबसे ज्यादा नाजुक होते हैं, इसलिए उन्हें जोर से रगड़कर सुखाने से बचें. किसी सॉफ्ट टॉवल से हल्के-हल्के प्रेस करके सुखाना बेहतर तरीका है. हर दिन बाल धोने से उनके नैचुरल ऑयल निकल जाते हैं, जिससे बाल ड्राई और बेजान हो सकते हैं. हफ्ते में 2–3 बार हेयर वॉश करना ज्यादातर लोगों के लिए काफी होता है.