Raita Recipe
Raita Recipe
गर्मियों का मौसम आते ही खानपान की आदतों में बदलाव साफ नजर आने लगता है. इस मौसम में लोग हल्का, ठंडा और आसानी से पचने वाला खाना ज्यादा पसंद करते हैं. तेज मसालेदार और भारी खाना न केवल डाइजेस्ट होने में मुश्किल खड़ी करता है बल्कि शरीर में गर्मी बढ़ाकर स्किन एलर्जी और अन्य परेशानियों को भी जन्म दे सकता है.
ऐसे में दही से बनी चीजें एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती हैं. दही न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि पेट को आराम पहुंचाने और डाइजेशन को बेहतर बनाने में भी मदद करता है. खासकर दोपहर के खाने में अगर ठंडा-ठंडा रायता शामिल हो जाए, तो खाने का स्वाद और भी बढ़ जाता है. तो ऐसे में आप इन रायतों को बना सकते हैं.
झटपट तैयार होगा ये रायता
गर्मियों में ककड़ी का रायता सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. ककड़ी में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. इसे बनाने के लिए बारीक कटी ककड़ी को ताजे दही में मिलाएं और उसमें भुना जीरा, नमक और हरी धनिया डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. यह रायता न सिर्फ टेस्टी होता है बल्कि पेट को ठंडा रखने और डाइजेशन को सुधारने में भी काफी असरदार होता है.
टेस्ट के साथ न्यूट्रीशन भी
टमाटर का रायता भी गर्मियों के लिए एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है. टमाटर में मौजूद विटामिन सी और लाइकोपीन शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाते हैं. इसे बनाने के लिए कटे हुए टमाटर, दही, थोड़ा सा प्याज, हरी धनिया और नमक मिलाएं. यह रायता खासतौर पर चावल या पुलाव के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है और खाने में एक अलग ताजगी जोड़ता है.
बूंदी का रायता, ए-वन
बूंदी का रायता हर घर की पसंदीदा डिश है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं. इसे बनाने के लिए दही में बूंदी डालकर उसमें जीरा, नमक और धनिया मिलाया जाता है. चाहें तो इसमें थोड़ा काला नमक और लाल मिर्च भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. यह रायता प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जो पेट को हल्का रखता है और शरीर को ऊर्जा देता है.