scorecardresearch

LPG Gas Cylinder Saving Tips: ध्यान दें! रसोई घर का गैस सिलेंडर जल्दी नहीं होगा खत्म, बस ऐसे करें इस्तेमाल, ज्यादा दिनों तक चलेगा और पैसा भी बचेगा  

Gas Use Karen ka Sahi Tarika: आप रसोई घर में गैस सिलेंडर पर खाना बनाती हैं और सिलेंडर ज्यादा दिनों तक नहीं चलने से परेशान हैं तो आपकी यह समस्या दूर हो सकती है. बस इसके लिए आपको गैस सिलेंडर को इस्तेमाल करने का तरीका बदलना होगा. आप यहां गैस सिलेंडर को अधिक दिनों तक चलाने के जरूरी टिप्स जान सकती हैं. 

Gas Cylinder Saving Tips Gas Cylinder Saving Tips

LPG Gas Cylinder: महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, इससे घर का बजट बिगड़ गया है. ऊपर से अमेरिका-इजराइल बनाम ईरान युद्ध के चलते गैस और तेल की किल्लत भी हो गई है. रसोई घर के बढ़ते खर्च से महिलाएं परेशान हैं. कम समय में ही गैस सिलेंडर के खत्म होने से इसे फिर से भरवाने में पैसा खर्च करना पड़ रहा है.  यदि आप रसोई घर में एलपीजी गैस सिलेंडर पर खाना बनाती हैं और सिलेंडर ज्यादा दिनों तक नहीं चलने से परेशान हैं तो आपकी यह समस्या दूर हो सकती है. बस इसके लिए आपको गैस सिलेंडर को इस्तेमाल करने का तरीका बदलना होगा. आप यहां गैस सिलेंडर को अधिक दिनों तक चलाने के जरूरी टिप्स जान सकती हैं. आपको मालूम हो कि गैस सिलेंडर जल्दी खत्म होने के पीछे सिर्फ अधिक खाना बनाना ही नहीं होता बल्कि कई बार हमारी छोटी-छोटी गलतियों के चलते भी सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है. 

1. पहले से तैयार रखें सामग्री: कई महिलाएं रसोई घर में गैस जलाने के बाद खाना बनाने के लिए जरूरी सामग्री को तैयार करती हैं, जो गलत है. यदि आप चाहती हैं तो गैस सिलेंडर अधिक दिनों तक चले तो इसके लिए आपको गैस जलाने से पहले सब्जियां काटकर, मसाले तैयार रखकर और बाकी चीजें तैयार करके रखना चाहिए. इससे खाना पकाने में जहां समय कम लगेगा, वहीं गैस भी बेवजह नहीं जलने के कारण अधिक दिनों तक चलेगा.

2. बनाने से पहले भिगो दें: दाल, चावल या चने का कोई व्यंजन बनाने से पहले इन्हें करीब आधे घंटे तक पानी भिगो दें. ऐसा करने पर वे जल्दी गलते हैं और गैस कम लगती है. सब्जी को बनाने से पहले इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेना चाहिए क्योंकि बड़े टुकड़ों को पकने में अधिक समय और गैस लगती है. आप गैस को बचानी चाहती हैं तो ठंडी चीजों को सीधे गैस की आंच पर न रखें बल्कि उन्हें पहले सामान्य तापमान पर आने दें. 

3. सही फ्लेम का करें इस्तेमाल: यदि आप गैस सिलेंडर पर खाना बना रही हैं तो इसके फ्लेम का जरूर ध्यान रखें. हमेशा मीडियम फ्लेम पर खाना बनाएं क्योंकि तेज आंच पर गैस ज्यादा खर्च होती है. आपको मालूम हो कि धीमी आंच पर खाना बनाने से सिर्फ गैस की बचत ही नहीं होती बल्कि खाना भी अच्छे से पकता है और स्वादिष्ट लगता है.

4. सही बर्तनों का करें चुनाव: आप सही बर्तनों का चुनाव करके भी गैस सिलेंडर को अधिक दिनों तक चला सकती हैं. आप खाना बनाने के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें. यह गैस बचाने का सबसे अच्छा तरीका है. आपके मालूम हो कि खुले बर्तन के मुकाबले प्रेशर कुकर में खाना 70% जल्दी पकता है. हमेशा फ्लैट बेस वाले बर्तनों का उपयोग करें जो पूरी आंच को सोख सकें. छोटे बर्तन को बड़े बर्नर पर न रखें, वरना किनारे से आंच बर्बाद होगी.

5. बर्नर की नियमित सफाई: आपको मालूम हो कि गंदा बर्नर गैस ज्यादा खपत करता है. ऐसे में हर 10 से 15 दिनों में बर्नर को साफ करें. साफ बर्नर से फ्लेम सही रहती है और गैस बचती है.

6. गैस लीक और फ्लेम की करें जांच: यदि गैस की आंच कमजोर हो या कहीं हल्की‑सी भी गैस लीक हो रही हो तो सिलेंडर बहुत जल्दी खत्म हो सकता है. ऐसे में समय‑समय पर सिलेंडर और नॉजल की जांच करते रहें. यदि आंच कम लगे तो तुरंत इसकी जांच करवाएं. लीकेज से बचने के लिए पाइप और रेगुलेटर चेक करते रहें. गैस बंद करना न भूलें. खाना बनाने के बाद गैस को सिलेंडर से भी बंद कर दें.

7. बर्तन को हमेशा ढककर रखें: गैस सिलेंडर पर खाना बनाते समय बर्तन को हमेशा ढककर रखें. इससे भाप अंदर बनी रहती है और खाना जल्दी पकता है. खाना पूरी तरह पकने से दो मिनट पहले गैस बंद कर दें, क्योंकि भाप से खाना पक जाएगा.

8. बिजली के उपकरणों का करें इस्तेमाल: यदि आपके पास इंडक्शन कुकटॉप, राइस कुकर या इलेक्ट्रिक केतली है तो गैस सिलेंडर को बचाने के लिए उनका इस्तेमाल अधिक करें. पानी उबालने या दूध गर्म करने जैसे कामों के लिए इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल गैस बचाने में बहुत मददगार साबित हो सकता है.