Bihar News
Bihar News
बिहार के मधेपुरा में सड़क किनारे लगे दो पेड़ों के तनों पर भगवान बजरंगबली जैसी आकृति उभरने की चर्चा है. यह नजारा सदर प्रखंड क्षेत्र में भेलवा गढ़िया जाने वाली सड़क पर बरहम बाबा स्थान से करीब 100 मीटर की दूरी पर दिखाई दिया. इसकी खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे. ग्रामीण पेड़ के तनों में बजरंगबली की आकृति देखने का दावा कर रहे हैं. कई लोग इसे आस्था और चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं.
पेड़ के तने में बजरंगबली की आकृति देखने का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे लगे दो पेड़ों के तनों में ऐसी आकृति दिखाई दे रही है, जो भगवान बजरंगबली जैसी लगती है. इसकी जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई. धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जुटने लगी. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी इस नजारे को देखने पहुंच रहे हैं.
मौके पर पहुंचे लोग धूप-अगरबत्ती जला रहे हैं. कुछ लोग फूल-माला चढ़ाकर पूजा कर रहे हैं, तो कुछ प्रसाद अर्पित कर रहे हैं. आसपास के लोगों के बीच इस आकृति को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं.
पेड़ में बाबा बजरंगबली स्थापित हैं
भेलवा के वार्ड नंबर-03 की रहने वाली सुधा देवी ने बताया कि पेड़ में बाबा बजरंगबली स्थापित हैं. उनके मुताबिक, पेड़ के तने में आकृति उभरी हुई है, जिसे लोग बजरंगबली के रूप में देख रहे हैं. वहीं, श्रीपुर निवासी जनार्दन शर्मा ने बताया कि वह अपने दरवाजे पर बैठकर चाय पी रहे थे. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सड़क किनारे पेड़ में बजरंगबली की आकृति दिखाई दी है.
जनार्दन शर्मा के मुताबिक, खबर मिलते ही वह कुछ अन्य लोगों के साथ गाड़ियों से मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने लोगों को धूप-अगरबत्ती जलाते और पूजा करते देखा. उन्होंने भी मिठाई खरीदकर चढ़ाई. उनका कहना है कि कुछ लोगों को पेड़ के तने में आकृति साफ दिखाई नहीं देती, ऐसे में वे मोबाइल में उसकी तस्वीर देखकर पहचानने की कोशिश कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की जा रही हैं. इससे आसपास के इलाकों में इस जगह को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. कई लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ के लिए यह प्रकृति का अनोखा रूप है.
ये भी पढ़ें: