scorecardresearch

शादी में परिवार की अनोखी पहल, 3500 लोगों का कराया गया 1 लाख तक का एक्सीडेंट बीमा, दुल्हन बोली- यह गांव के लिए छोटा सा तोहफा

पेटकर परिवार ने गांव के लोगों के लिए 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कराने का फैसला लिया. इस बीमा का लाभ गांव की मतदाता सूची में दर्ज करीब 3500 लोगों को मिलेगा.

शादी में मिला अनोखा तोहफा शादी में मिला अनोखा तोहफा

शादी को आमतौर पर खुशियों, जश्न और नए रिश्तों की शुरुआत के रूप में देखा जाता है, लेकिन महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव में एक शादी ने समाज के सामने अलग मिसाल पेश की है. यहां सिद्धेश्वर पेटकर और मंजुषा पेटकर की शादी के मौके पर पूरे गांव के करीब 3500 लोगों का दुर्घटना बीमा कराया गया.

किसानों और मजदूरों की सुरक्षा के लिए पहल
बहादुरपुरा गांव में ज्यादातर लोग खेती और मजदूरी से जुड़े हैं. खेतों में काम के दौरान सांप काटने, जंगली जानवरों के हमले, बिजली गिरने या सड़क हादसों जैसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं. इन्हीं परेशानियों को देखते हुए पेटकर परिवार ने गांव के लोगों के लिए 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कराने का फैसला लिया. इस बीमा का लाभ गांव की मतदाता सूची में दर्ज करीब 3500 लोगों को मिलेगा.

दूल्हे के भाई ने बताई पहल की वजह
दूल्हे के बड़े भाई अनूप पेटकर ने बताया कि उनका परिवार हमेशा समाज के लिए कुछ अलग करने की सोच रखता है. उन्होंने कहा, 'हमारे गांव की आबादी करीब 3600 है. हमने लगभग 3500 लोगों का 1 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा कराया है. इसमें सांप काटना, बिजली गिरना, जानवरों का हमला, बाइक एक्सीडेंट या किसी भी दुर्घटना में मौत होने पर बीमा राशि मिलेगी. इससे पहले भी परिवार ने हेलमेट और इंश्योरेंस कैंप लगाया था, जिसमें एक दिन में 900 लोगों का बीमा कराया गया था. पिछले साल मेरी शादी में मेहमानों को हेलमेट देकर विदा किया गया था. इस बार छोटे भाई की शादी में पूरे गांव का बीमा कराने का फैसला लिया.'

दूल्हे ने कहा- गांव वालों की परेशानी देखकर आया विचार
दूल्हे सिद्धेश्वर पेटकर ने कहा कि गांव में खेतों में काम करने के दौरान हादसे आम बात हैं. कई बार लोगों को सांप काट लेते हैं या जंगली जानवर हमला कर देते हैं. इन्हीं घटनाओं को देखकर मेरे बड़े भाई के मन में गांव वालों की मदद का विचार आया. उसी सोच के तहत पूरे गांव का बीमा कराया गया है. उन्होंने बताया कि गांव की वोटर लिस्ट में दर्ज सभी लोगों को इस योजना में शामिल किया गया है.

दुल्हन ने कहा- यह गांव के लिए छोटा सा तोहफा
दुल्हन मंजूषा पेटकर ने भी इस पहल पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, 'मेरे पति के बड़े भाई की प्रेरणा से हमारी शादी के अवसर पर गांव के 3500 लोगों को दुर्घटना बीमा देने का फैसला लिया गया. पूरा परिवार आज बहुत खुश है.'

-कुंवरचंद मंडले की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें